David Warner: ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज डेविड वॉर्नर एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार मामला गंभीर है और इसका असर उनके क्रिकेट करियर पर भी पड़ सकता है। ड्रिंक-ड्राइविंग के आरोप में फंसे वॉर्नर को अब कोर्ट का सामना करना होगा, जिससे उनकी सिडनी थंडर की कप्तानी भी खतरे में नजर आ रही है।
ऑस्ट्रेलियाई मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ दिल पहले वॉर्नर सिडनी में ड्रिंक-ड्राइविंग के आरोप में पकड़े गए। बताया जा रहा है कि ईस्टर संडे के दिन उनके खून में एल्कोहल लेवल 0.104 पाया गया, जो कानूनी सीमा से दोगुना से भी ज्यादा है। 39 साल के वॉर्नर को आगे की जांच के लिए पुलिस स्टेशन ले जाया गया। अब उन्हें 7 मई को डाउनिंग सेंटर लोकल कोर्ट में पेश होना है। इस मामले के बाद वॉर्नर की सिडनी थंडर की कप्तानी पर सवाल खड़े हो गए हैं। क्रिकेट NSW के लिए यह स्थिति और भी संवेदनशील है, क्योंकि उनका ट्रांसपोर्ट फॉर NSW के साथ 23 साल पुराना रोड सेफ्टी पार्टनरशिप है।
क्या बोले अधिकारी?
क्रिकेट NSW के CEO ली जर्मन ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कि वह वॉर्नर की कथित शराब पीकर गाड़ी चलाने की घटना के बारे में ज्यादा कुछ नहीं कह सकते, क्योंकि इसमें कानूनी पहलू भी शामिल है। ये आरोप निश्चित रूप से चिंताजनक हैं, और हम इन्हें बहुत गंभीरता से लेते हैं। क्रिकेट NSW में, हम सुरक्षित ड्राइविंग के प्रबल समर्थक हैं, शराब पीकर गाड़ी चलाने के नहीं। हम अपने खिलाड़ियों को इस बारें में काफी जागरूक करते हैं और हम इस पूरी प्रक्रिया के दौरान डेविड का साथ देंगे, यह जानते हुए कि आगे एक कोर्ट केस आने वाला है, लेकिन साथ ही हम इस बेहद महत्वपूर्ण मामले पर अपने खिलाड़ियों को और भी अधिक शिक्षित करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी साफ किया कि वॉर्नर की कप्तानी को लेकर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है और इस पर आगे विचार किया जाएगा।
अब आगे क्या?
वॉर्नर इन दिनों PSL में कराची किंग्स की कप्तानी कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने बिग बैश लीग में शानदार प्रदर्शन किया था, जहां उन्होंने 86.6 की औसत से रन बनाए। फिलहाल यह मामला कानूनी प्रक्रिया में है और आने वाले दिनों में कोर्ट की सुनवाई के बाद ही तस्वीर साफ होगी। लेकिन इतना तय है कि यह विवाद वॉर्नर की छवि और उनकी कप्तानी, दोनों पर गहरा असर डाल सकता है।
यह भी पढ़ें:
IPL 2026: पर्पल कैप की जंग हुई रोमांचक, टॉप पर 2 गेंदबाजों का कब्जा