चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को आईपीएल 2026 सीजन में अपना पहला मुकाबला 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेलना है। इस मैच से पहले सीएसके को एक और बड़ा झटका लगा है। चेन्नई सुपर किंग्स टीम के स्टार खिलाड़ी एमएस धोनी जहां शुरुआती पहले कुछ मैचों से फिटनेस की समस्या के चलते बाहर हो चुके हैं तो वहीं अब डेवाल्ड ब्रेविस का भी पहले 2-3 मैचों में खेलना मुश्किल लग रहा है, जिसमें राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले से तो वह बाहर ही हो चुके हैं। इससे पहले नाथन एलिस चोटिल होने की वजह से पूरे सीजन से बाहर हो गए थे, जिनकी जगह पर सीएसके ने स्पेंसर जॉनसन को शामिल किया था, लेकिन अभी वह भी अपनी बैक इंजरी से पूरी तरह उबर नहीं सके हैं।
डेवाल्ड ब्रेविस ट्रेनिंग के दौरान हुए चोटिल
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए चेन्नई सुपर किंग्स की टीम गुवाहाटी पहुंच चुकी है, जिसमें ट्रेनिंग के दौरान टीम के धाकड़ युवा खिलाड़ी डेवाल्ड ब्रेविस को साइड स्ट्रेन इंजरी होने के चलते वह पहले मुकाबले से बाहर हो गए हैं। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले से एक दिन पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएसके टीम के हेड कोच ने डेवाल्ड ब्रेविस की चोट को लेकर जानकारी दी, लेकिन उन्होंने ये साफ नहीं किया कि वह कब तक फिट हो जाएंगे। ऐसे में उनके शुरुआती 2 से तीन मैचों से बाहर रहने की उम्मीद लगाई जा रही है। सीएसके की टीम को राजस्थान के खिलाफ मुकाबले के बाद अपना अगला मैच 3 अप्रैल को पंजाब किंग्स की टीम के खिलाफ अपने होम ग्राउंड पर खेलना है।
किस खिलाड़ी को मिल सकता है मौका
डेवाल्ड ब्रेविस के बाहर होने के बाद अब सीएसके किस खिलाड़ी को मौका देगी इसको लेकर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, जिसमें सबसे आगे नाम ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी मैथ्यू शॉर्ट का है। सीएसके का राजस्थान के खिलाफ रिकॉर्ड देखा जाए तो उसमें उन्होंने 31 मुकाबले खेले हैं जिसमें से 16 को जीतने में कामयाब रहे तो वहीं 15 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में सीएसके के लिए ये मुकाबला आसान नहीं रहने वाला है, जिसमें सबसे ज्यादा नजरें संजू सैमसन पर रहेगी, जो पहली बार आईपीएल में यलो जर्सी में खेलते हुए दिखने वाले हैं।
ये भी पढ़ें
विराट कोहली बने एशिया के 'किंग', तोड़ दिया शोएब मलिक का बहुत बड़ा रिकॉर्ड