1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बाप रे बाप! 2 रन पर ढेर हो गई पूरी टीम, 8 खिलाड़ी डक पर OUT; 424 रन से मिली करारी शिकस्त

बाप रे बाप! 2 रन पर ढेर हो गई पूरी टीम, 8 खिलाड़ी डक पर OUT; 424 रन से मिली करारी शिकस्त

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : May 27, 2025 09:34 am IST,  Updated : May 27, 2025 09:59 am IST

इंग्लैंड में खेले गए एक क्रिकेट मैच में बेहद शर्मनाक रिकॉर्ड बना। 427 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुई टीम महज 2 रनों पर ढेर हो गई सिर्फ एक बल्लेबाज अपना खाता खोल सका।

cricket- India TV Hindi
क्रिकेट Image Source : INDIA TV

क्रिकेट में आए दिन शर्मनाक रिकॉर्ड बनते रहते हैं, लेकिन इंग्लैंड में एक ऐसा रिकॉर्ड बना, जिसको जानकर आप यकीन नहीं कर पाएंगे। इंग्लैंड के मिडलसेक्स काउंटी लीग में एक लोअर-डिवीजन क्रिकेट टीम ने ऐसा शर्मनाक रिकॉर्ड बना डाला, जिसे भुला पाना मुश्किल होगा। रिचमंड क्रिकेट क्लब की 4th XI टीम 427 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 5.4 ओवर में महज 2 रन पर ऑलआउट हो गई। इस मैच का स्कोरकार्ड अब इंग्लैंड के क्लब क्रिकेट इतिहास के सबसे शर्मनाक पलों में दर्ज हो गया है।

यह हैरान कर देने वाला मुकाबला रिचमंड CC 4th XI और नॉर्थ लंदन CC 3rd XI टीम के बीच खेला गया। रिचमंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो उनके लिए भारी पड़ गया। नॉर्थ लंदन CC के ओपनर डैन सिमंस ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 140 रन जड़ दिए। टीम को अतिरिक्त रन के रूप में भी 92 रन मिले, जिसमें 63 वाइड गेंदें शामिल थी। इस तरह नॉर्थ लंदन की टीम 426 रनों का स्कोर खड़ा करने में सफल रही। 

8 बल्लेबाजों डक पर लौटे पवेलयन

427 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी रिचमंड की टीम शुरुआत से ही बिखर गई। 8 बल्लेबाज खाता तक नहीं खोल सके। टीम का एकमात्र रन नंबर 4 बल्लेबाज ने बनाया, जबकि एक रन वाइड से मिला। गेंदबाजी में स्पॉटन ने 3 विकेट सिर्फ 2 रन देकर चटकाए, वहीं उनके साथी मैट रोसन ने 5 विकेट बिना कोई रन दिए झटके। इस मैच में एक मजेदार रनआउट भी देखने को मिला। 

इंग्लैंड के मिडलसेक्स काउंटी लीग में रिचमंड क्रिकेट क्लब की 4th XI टीम के 2 रन पर ऑलआउट होने के बाद अब क्लब मैनेजमेंट ने इसकी असल वजह बताई है। रिचमंड क्रिकेट क्लब के डिप्टी चेयरमैन और हेड ऑफ क्रिकेट स्टीव डीकिन ने कहा कि यह एक 'परफेक्ट स्टॉर्म' जैसी स्थिति थी, जिसमें क्लब के पास अपनी नियमित टीम के खिलाड़ी ही मौजूद नहीं थे।

0 पर आउट हो सकती थी टीम

स्टीव डीकिन ने द टेलीग्राफ को बताया कि इस हफ्ते हमारे पास खिलाड़ियों की उपलब्धता बेहद खराब थी। हमारी पांच पुरुष टीमों में करीब 40 खिलाड़ी मौजूद नहीं थे। हम पहले से ही टीम को लेकर जूझ रहे थे और फिर सात और खिलाड़ी बाहर हो गए। उन्होंने बताया कि हालात ऐसे हो गए थे कि 4th टीम के कप्तान दोस्तों के दोस्तों को कॉल करके टीम तैयार कर रहे थे, ताकि मैदान पर 11 खिलाड़ी पूरे किए जा सकें। वहीं, विपक्षी टीम को महज 2 रन पर समेटने वाले स्पॉटन ने कहा कि हम तो उन्हें 0 पर ही समेट सकते थे, अगर एक वाइड और एक कैच ड्रॉप नहीं हुआ होता।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल