1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs ENG: सीरीज से पहले कैसी है दोनों टीमों की रैंकिंग, इस वक्त कौन है आगे

IND vs ENG: सीरीज से पहले कैसी है दोनों टीमों की रैंकिंग, इस वक्त कौन है आगे

 Published : Jun 06, 2025 01:27 pm IST,  Updated : Jun 06, 2025 02:20 pm IST

भारत बनाम इंग्लैंड सीरीज और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप से पहले आईसीसी की टेस्ट रैंकिंग में किस नंबर पर कौन सी टीम है, इस पर एक नजर डाली जानी चाहिए।

ben stokes and shubman gill- India TV Hindi
बेन स्टोक्स और शुभमन गिल Image Source : GETTY

ICC Rankings India vs England: भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज शुरू होने वाली है। ये सीरीज चूंकि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेली जाएगी, इसलिए तो अहम है ही, साथ ही इस सीरीज से ​आईसीसी की टेस्ट रैंकिंग पर भी असर पड़ेगा। सीरीज का पहला मैच 20 जून से है। इससे पहले आपको पता होना चाहिए कि आईसीसी की टेस्ट रैंकिंग में भारत और इंग्लैंड की टीमें इस वक्त कहां पर हैं। 

आईसीसी की टेस्ट रैंकिंग में कौन सी टीम है नंबर वन?

आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग की बात की जाए तो वहां पहले नंबर पर ऑस्ट्रेलियाई टीम का कब्जा है। ऑस्ट्रेलिया की रेटिंग 126 की चल रही है। खास बात ये है कि ऑस्ट्रेलिया को फिलहाल टक्कर देने वाला भी कोई नहीं है। इसी बीच 11 जून से विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल भी खेला जाना है। इसकी हार जीत से रैंकिंग पर असर पड़ेगा। अगर ऑस्ट्रेलियाई टीम विजेता बनती है तो उसकी रेटिंग और बढ़ जाएगी और टीम पहले नंबर पर बनी रहेगी। लेकिन अगर ऑस्ट्रेलिया को हार का सामना करना पड़ता है तो भी उसे इतना नुकसान नहीं होगा कि वो पहले नंबर से हट जाए। यानी उसकी बादशाहत को फिलहाल कोई भी खतरा नहीं है। 

इंग्लैंड की आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में अभी क्या स्थिति है?

ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरे नंबर पर इंग्लैंड की टीम है। इंग्लैंड का प्रदर्शन पिछले कुछ वक्त में बहुत अच्छा तो नहीं रहा है, लेकिन इसके बाद भी टीम दूसरे नंबर पर बनी हुई है। टीम की रेटिंग इस वक्त 113 की चल रही है। अब जब भारत और इंग्लैंड की टीमें टेस्ट सीरीज में आमने सामने होंगी तो उसका असर इस पर नजर आएगा। तीसरे नंबर पर साउथ अफ्रीका की टीम है। साउथ अफ्रीका की रेटिंग 111 की है। टीम अगर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल जीत गई तो उसे फायदा मिल सकता है। खिताब के साथ ही उसकी रेटिंग भी बढ़ जाएगी। 

आईसीसी की टेस्ट रैंकिंग में टीम इंडिया इस वक्त कहां है?

बात अगर टीम इंडिया की करें तो उसका नंबर चौथा है। टीम इंडिया की रेटिंग फिलहाल 105 की है। अ​ब भारत और इंग्लैंड के ​बीच जो सीरीज खेली जानी है, उसमें अगर टीम इंडिया जीत दर्ज करती है तो उसे जबरदस्त फायदा हो सकता है। लेकिन इतना भी नहीं कि टीम पहले स्थान पर पहुंच जाए, लेकिन इतना जरूर है कि टीम दूसरे या फिर तीसरे नंबर पर पहुंच सकती है। हालांकि हार भी मिली तो भारतीय टीम इससे नीचे तो फिलहाल नहीं जाएगी, क्यों​कि नंबर पांच पर न्यूजीलैंड है, जिसकी रेटिंग 95 की ही है। इतना जरूर है कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल और भारत बनाम इंग्लैंड सीरीज से आईसीसी की टेस्ट रैंकिंग पर काफी असर होगा, जो देखने लायक होगा।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल