IND vs SL: ट्राई सीरीज में इंडिया ए की टीम का मुकाबला मेजबान श्रीलंका ए से हुआ। दांबुला में खेला गया ये मैच टाई पर खत्म हुआ और सुपर ओवर में श्रीलंका ने जीत दर्ज की। श्रीलंका ए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 49.2 ओवर में 265 रन बनाकर ऑलआउट हुई। जवाब में श्रीलंका ए की टीम भी 49.5 ओवर में 265 रन बनाने में कामयाब रही और ये मैच टाई हो गया। इसके बाद फिलहाल इस मैच में सुपर ओवर खेला जा रहा है। सुपर ओवर में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 गेंद में 18 रन बनाए। लेकिन इंडिया ए की टीम 6 गेंद में 7 रन ही बना सकी और मैच हार गई।
पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन की सलामी जोड़ी पर पारी का आगाज करने की बड़ी जिम्मेदारी थी, लेकिन दोनों ही बल्लेबाज जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद मिडिल ऑर्डर भी श्रीलंकाई गेंदबाजी के सामने बिखर गया। एक समय टीम ने 25 ओवर के भीतर ही 125 रन के स्कोर पर अपने 6 विकेट खो दिए थे। 147 रन का स्कोर पहुंचने तक 7 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। हालांकि, इसके बाद सूर्यांश शेडगे और विपराज निगम ने पारी को बेहतरीन ढंग से संभाला और टीम का स्कोर 250 के करीब तक ले गए। आखिरी ओवर में सूर्यांश शेडगे के आउट होते ही भारतीय पारी 265 रनों पर सिमट गई। सूर्यांश ने 66 गेंदों पर 72 रनों की पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल थे। वहीं, विपराज निगम ने 51 रनों का योगदान दिया। लंका की ओर से मोहम्मद शिराज और विजयकांत व्यासकांत ने 3-3 विकेट अपनी झोली में किए।
श्रीलंका को इस मैच में निरोशन डिकवेला और अविष्का फर्नांडो ने अच्छी शुरुआत दी। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 56 रन की साझेदारी हुई। डिकवेला 37 और अविष्का 22 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होने के बाद नंबर 3 पर बैटिंग करने के लिए विशेन हलंबगे 11 बॉल पर 17 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होने के बाद सदीरा समरविक्रमा ने पारी को संभाला। उन्होंने इस मैच में श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा 93 रन बनाए। वहीं वानुजा सहन ने 25 और विजयकांत व्यासकांत ने 18 रन बनाए। टीम इंडिया की गेंदबाजी की बात करें तो वहां अरशद खान ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए।
प्लेइंग इलेवन
इंडिया ए (प्लेइंग इलेवन): प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, रुतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा (कप्तान), आयुष बडोनी, सूर्यांश शेडगे, निशांत सिंधु, अनुकूल रॉय, अरशद खान, विप्रज निगम, यश ठाकुर।
श्रीलंका ए (प्लेइंग इलेवन): निरोशन डिकवेला (डब्ल्यू), अविष्का फर्नांडो, विशेन हलंबगे, सदीरा समरविक्रमा, अहान विक्रमसिंघे, सहान अराचिगे (कप्तान), वानुजा सहान, विजयकांत व्यासकांत, कुगथास मथुलन, चमिका करुणारत्ने, मोहम्मद शिराज