1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND v SL: टेस्ट सीरीज से पहले रोहित ने माना, पुजारा और रहाणे की कमी पूरी करना मुश्किल

IND v SL: टेस्ट सीरीज से पहले रोहित ने माना, पुजारा और रहाणे की कमी पूरी करना मुश्किल

 Edited By: India TV Sports Desk
 Published : Mar 03, 2022 06:36 pm IST,  Updated : Mar 03, 2022 06:36 pm IST

श्रीलंका के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे टीम इंडिया का हिस्सा नहीं हैं। 

रोहित शर्मा और...- India TV Hindi
रोहित शर्मा और चेतेश्वर पुजारा (फाइल फोटो) Image Source : GETTY IMAGES

मोहाली। श्रीलंका के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे टीम इंडिया का हिस्सा नहीं हैं। दोनों खिलाड़ी काफी समय से खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं और फिलहाल रणजी ट्रॉफी में खेल रहे हैं। श्रीलंका खिलाफ टेस्ट सीरीज में जब भारतीय टीम रहाणे और पुजारा के बिना उतरेगी तो सभी की निगाहें इन खिलाड़ियों की जगह भरने वाले युवाओं पर टिकी होगी।

भारत के नये टेस्ट कप्तान रोहित शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे की कमी पूरी करना मुश्किल है लेकिन ऐसा समय आता है जब आगे की सोचकर युवाओं को मौके देना जरूरी होता है । भारत के लिये 82 टेस्ट खेल चुके रहाणे और 95 मैच खेल चुके पुजारा को श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिये भारतीय टीम में जगह नहीं मिली है।

रोहित ने रहाणे और पुजारा की गैर मौजूदगी के असर के बारे में पूछे गए सवाल पर कहा ,‘‘ इन दोनों की कमी पूरी करना मुश्किल है। मुझे भी नहीं पता कि इन दोनों की जगह कौन आयेगा । हमें कल तक इंतजार करना होगा।’’ उन्होंने कहा ,‘‘इन दोनों के योगदान को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। बरसों की मेहनत, 80 और 90 टेस्ट खेलना, विदेश में टेस्ट खेलना और भारत को नंबर एक पायदान तक पहुंचाने में इन दोनों ने मदद की। ऐसा नहीं है कि आगे ये दोनों हमारी रणनीति का हिस्सा नहीं होंगे।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ यह बस अभी की बात है कि उनके नाम पर विचार नहीं हुआ। इसका कोई लिखित आश्वासन नहीं है कि भविष्य में भी ऐसा ही होगा।’’

रोहित ने कहा कि नये खिलाड़ियों के लिये चुनौतीपूर्ण होगा लेकिन उन्हें मौके मिलेंगे। उन्होंने कहा ,‘‘ जब भी टीम में बदलाव होते हैं तो नये खिलाड़ियों के लिये आसान नहीं होता । लेकिन ये ऐसे खिलाड़ी हैं जो असाधारण प्रदर्शन कर चुके हैं चाहे भारत ए के लिये या प्रथम श्रेणी क्रिकेट में। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि इन खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई करनी चाहिये। हमें आगे की ओर देखना है और ये खिलाड़ी लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। उम्मीद है कि मौका मिलने पर वे शानदार प्रदर्शन करेंगे।’’ 

(With Bhasha inputs)

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल