बॉर्डर गावस्कर सीरीज के शुरू होने में सिर्फ सात दिनों का वक्त बाकी है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली चार मैच की टेस्ट सीरीज का आगाज नौ फरवरी को नागपुर में होगा। ऑस्ट्रेलियाई टीम इस सीरीज के लिए फिलहाल बेंगलुरु में प्रैक्टिस कर रही है और भारतीय टीम का कैंप नागपुर में लगा हुआ है। मौजूदा वक्त में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले टेस्ट मैचों को सबसे तगड़ी प्रतियोगिता वाला मुकाबला माना जाता है। इन दोनों टीमों के बीच पिछले 75 सालों से टेस्ट मैच खेले जाते रहे हैं। इस दौरान दोनों टीमों की ओर से कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर बेहतरीन रिकॉर्ड भी बनाए हैं। आइये इन कीर्तिमानों पर डालते हैं एक नजर।
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया के बीचे हुए टेस्ट मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में टॉप पर सचिन तेंदुलकर हैं। मास्टर ब्लास्टर ने 11 शतक और 55 के औसत से 3630 रन बनाए हैं। दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पॉन्टिंग हैं, जिन्होंने आठ शतक और 54.36 के औसत से 2555 रन बनाए।
मौजूदा क्रिकेटर्स में पहले नंबर पर चेतेश्वर पुजारा हैं, जिन्होंने 54.08 के औसत से 1893 कन बनाए हैं। दूसरे नंबर पर स्टीव स्मिथ हैं जो 72.58 के औसत से 1742 रन बना चुके हैं और तीसरा नंबर विराट कोहली है जिनके बल्ले से 48.05 के औसत से 1682 रन निकले हैं।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुए टेस्ट मुकाबलों में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड माइकल क्लार्क के नाम है। उन्होंने 2012 में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में 329 रन की नाबाद पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई थी। दूसरे नंबर पर वीवीएस लक्ष्मण की 2001 में खेली 281 रन की ऐतिहासिक पारी है। इस पारी के दम पर भारत ने फॉलोऑन खेलकर भी जीत दर्ज की थी।
भारत के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले ने भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं। उन्होंने 30.32 के औसत से 111 विकेट चटकाए हैं। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हरभजन सिंह हैं जिनके खाते में 29.85 के औसत से 95 विकेट हैं। मौजूदा खिलाड़ियों में सबसे सफल गेंदबाद कंगारू स्पिनर नाथन लायन हैं जिन्होंने 34.75 के औसत से 94 विकेट अपने नाम किए हैं।
संपादक की पसंद