1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. विराट कोहली ने ये कैसा शर्मनाक रिकॉर्ड बना दिया, 123 टेस्ट मैच के करियर में पहली बार हुआ ऐसा

विराट कोहली ने ये कैसा शर्मनाक रिकॉर्ड बना दिया, 123 टेस्ट मैच के करियर में पहली बार हुआ ऐसा

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jan 03, 2025 08:59 am IST,  Updated : Jan 03, 2025 09:19 am IST

IND vs AUS: विराट कोहली ने BGT 2024-25 में 9 पारियों में बल्लेबाजी की है। इस दौरान वह 8 बार आउट हुए हैं और उनके आउट होने का पैटर्न हर मुकाबले में एक जैसा है।

Virat Kohli - India TV Hindi
विराट कोहली Image Source : GETTY

IND vs AUS: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सिडनी में 5वें टेस्ट का आगाज हो चुका है। हालांकि पिछले 3 टेस्ट मैचों की तरह इस मैच में भी विराट कोहली एक बार फिर फेल हो गए। पहली गेंद पर बाल-बाल बचने के बाद उनसे काफी उम्मीदें थी लेकिन वह 17 रन बनाकर आउट हो गए। सिडनी टेस्ट में पहले दिन विराट कोहली को पहली ही गेंद पर बहुत बड़ा जीवनदान मिला। स्कॉट बोलैंड के खिलाफ अपनी पहली ही गेंद पर आउट होते-होते बचे। 

विराट कोहली क्रीज पर आए और पहली गेंद का सामना करते हुए ऑफ स्‍टंप के करीब गुड लेंथ गेंद को छेड़ने की भारी गलती कर दी। कोहली ने डिफेंड करने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का मोटा बाहरी किनारा लेकर दूसरी स्लिप में खड़े स्टीव स्मिथ के पास चली गई। इस दौरान स्मिथ ने नीचे गिरकर दायें हाथ से गेंद को लपका और फिर तेजी से रिले कैच बनाने के लिए गेंद को तीसरी स्लिप के पास पहुंचा दिया। एक पल के लिए लगा कि कोहली गोल्डन डक का शिकार हो गए हैं लेकिन थर्ड अंपायर ने रीप्ले देखने के बाद नॉट आउट करार दिया। रीप्ले में साफ नजर आया कि स्मिथ के कैच लेते वक्त गेंद जमीन को छू गई थी। 

लंच तक संभाले रखा विकेट

पहली ही गेंद पर जीवनदान मिलने के बाद विराट कोहली ने संभलकर खेलना शुरू किया और बाहर जाती गेंदों को छोड़ने में ही अपनी भलाई समझी। इसके बाद विराट ने शुभमन गिल के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों के बीच 40 रनों की अच्छी साझेदारी हो चुकी थी लेकिन लंच से ठी पहले नाथन लियोन की गेंद को आगे बढ़कर खेलने की कोशिश में शुभमन गिल पहली स्लिप में कैच दे बैठे। लंच ब्रेक तक भारत ने 25 ओवर में 57 रन पर तीन विकेट खो दिए।

विराट कोहली ने दिखाया धैर्य

दूसरे सेशन में विराट कोहली को ऋषभ पंत का साथ मिला और दोनों धीरे-धीरे पारी को आगे बढ़ाने में लग गए। अभी दोनों के बीच 15 रनों की साझेदारी हुई ही थी कि कोहली ने फिर वही गलती दोहरा दी जिसका खामियाजा वो इस सीरीज में बार-बार भुगतते आ रहे हैं। कोहली ने स्कॉट बोलैंड की बाहर जाती गेंद को छेड़ने की कोशिश की। बोलैंड ने 32वें ओवर की तीसरी गेंद चौथे स्‍टंप पर बैक ऑफ गुड लेंथ डाली। कोहली ने इस पर डिफेंस का प्रयास किया लेकिन गेंद बल्ले का मोटा बाहरी किनारा लेकर स्लिप में खड़े ब्यू वेबस्टर के हाथों में चली गई। इस तरह कोहली की पारी समाप्त हो गई। उन्होंने 69 गेंदों का सामना किया और सिर्फ 17 रन बनाए। दिलचस्प बात ये रही कि कोहली अपनी इस 69 गेंदों की पारी में एक भी बाउंड्री नहीं जड़ सके। इसके साथ ही कोहली के नाम एक अनोखा रिकॉर्ड दर्ज हो गया।

पहली बार हुआ ऐसा

दरअसल, कोहली द्वारा खेली गई 69 गेंदें उनके टेस्ट करियर की सबसे लंबी पारी है जिसमें उन्होंने बिना बाउंड्री के बल्लेबाजी की है। इससे पहले उनके टेस्ट करियर में कभी भी ऐसा नहीं देखा गया था। कोहली अब तक 123 टेस्ट मैच खेल चुके हैं लेकिन इतने धीरे कभी भी नजर नहीं आए, जितना कि आज के मैच में उन्हें देखा गया। 

 

 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल