1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs BAN: केएल राहुल ने किसे माना जीत का असली हीरो? तीसरे वनडे के बाद दिया चौंकाने वाला बयान

IND vs BAN: केएल राहुल ने किसे माना जीत का असली हीरो? तीसरे वनडे के बाद दिया चौंकाने वाला बयान

 Written By: Deepesh Sharma
 Published : Dec 10, 2022 09:02 pm IST,  Updated : Dec 10, 2022 09:02 pm IST

IND vs BAN: केएल राहुल ने मैच के बाद एक चौंकाने वाला बयान दिया है।

KL Rahul- India TV Hindi
KL Rahul Image Source : PTI

IND vs BAN: भारतीय टीम को बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-1 से हार का सामना करना पड़ा। पहले दो मुकाबले जीत कर सीरीज अपने नाम करने वाली मेजबान टीम को भारत ने आखिरी वनडे में 227 रनों से करारी शिकस्त दी। इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले खेलने उतरी टीम इंडिया ने वनडे क्रिकेट में अपना तीसरा सर्वोच्च स्कोर बनाया। टीम इंडिया ने पहले खेलते हुए ईशान किशन के 210 और विराट कोहली के 113 रनों की शानदार पारी की बदौलत 8 विकेट पर 409 रन बनाए। जवाब में 410 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम 34 ओवर में 182 रन बनाकर सिमट गई। मैच के बाद टीम इंडिया के कप्तान केएल राहुल ने एक बड़ा बयान दिया।

राहुल का बड़ा बयान

राहुल ने बांग्लादेश के खिलाफ दोहरा शतक लगाने वाले ईशान किशन की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने मौके को अच्छे तरह से भुनाया। राहुल ने कहा कि इस जीत से 14 दिसंबर से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ेगा। नियमित कप्तान रोहित शर्मा के चोटिल होने के कारण टीम में शामिल हुए किशन ने 126 गेंद में दोहरा शतक पूरा कर नया रिकॉर्ड कायम किया। राहुल ने मैच के बाद कहा, ‘‘हमारी टीम से यही उम्मीद थी। विराट (कोहली) और ईशान ने हमारे लिए मंच तैयार किया।''

राहुल ने आगे कहा, ''स्कोर यह नहीं बताते कि उन्होंने किस तरह से पारी की शुरुआत की थी। ईशान ने इस मौके को दोनों हाथों से लपका। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की।’’ राहुल ने ईशान के साथ 290 रन की साझेदारी के दौरान मार्गदर्शक की भूमिका निभाने वाले कोहली की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘‘विराट ने अपने अनुभव से शानदार तरीके से उसका मार्गदर्शन किया।’’ राहुल का मानना है कि इस जीत से टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ेगा। उन्होंने कहा, ‘‘मैं टीम के इस प्रदर्शन से बहुत खुश हूं। हम एक टीम के रूप में सीख रहे हैं। अभी भी बेहतर होने की कोशिश कर रहे हैं। हमारी किस्मत अच्छी नहीं थी कि पिछले दो मैचों के परिणाम हमारे पक्ष में नहीं रहे। इस जीत से हम टेस्ट सीरीज के लिए आत्मविश्वास लेना चाहेंगे।’’ 

लिटन ने भी की ईशान की तारीफ

विरोधी टीम के कप्तान लिटन दास ने भी ईशान के बेखौफ रवैये की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी और कोहली की साझेदारी ने मैच को उनकी पकड़ से दूर कर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘ईशान और विराट ने जिस तरह से बल्लेबाजी की उससे मैच हमारी पकड़ से दूर हो गया। ईशान ने खासकर जिस तरह से बल्लेबाजी की वह काफी आक्रामक था। हमने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की लेकिन आउट करने का कोई तरीका नहीं मिला।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगर स्कोर 330-340 होता तो यह एक अलग मैच होता। वे एक अच्छी टीम हैं और हमने दो मैचों में अच्छी क्रिकेट खेली। इससे हमारा आत्मविश्वास काफी बढ़ेगा।’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल