IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पहले वनडे में भारत के कई बल्लेबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। कप्तान शिखर धवन ने अपने सलामी जोड़ीदार शुभमन गिल के साथ शतकीय साझेदारी की। दोनों ने अर्धशतकीय पारियां खेली। श्रेयस अय्यर ने तीसरे नंबर पर आकर 80 रन की सबसे बड़ी पारी खेल दी। जबरदस्त पब्लिक डिमांड पर प्लेइंग इलेवन में शामिल संजू सैमसन ने लगातार गिरते विकेटों के सिलसिले को लगाम लगाया और 36 रन की उम्दा पारी खेली। इन सबके बाद सातवें नंबर पर एक ऐसा बल्लेबाज आया जो भारतीय टीम में अभी भी अपनी असल पहचान को तलाश रहा है। वह आया और अपना ऐसा जौहर दिखाया कि कीवियों से लेकर हिंदुस्तानी फैंस तक सब चौंक गए।
वॉशिंगटन सुंदर ने ऑकलैंड में खेले गए सीरीज के पहले वनडे मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार पारी खेली। लेकिन जिस चीज ने उनकी पारी को खास बनाया वह उनका जानदार अंदाज था। ऑलराउंडर सुंदर भारत के 5 बल्लेबाजों के पवेलियन लौटने के बाद क्रीज पर आए। शुरुआत संभलकर की। उन्होंने अपनी पारी की पांचवीं गेंद पर पहला छक्का लगाया। उनके बल्ले से दूसरा छक्का सातवीं गेंद पर आया। सुंदर ने अपनी पारी की 13वीं गेंद पर उन्होंने 2 छक्कों के बाद पहला चौका जड़ा। इसके बाद, अगली गेंद पर उन्होंने जिस अंदाज में बल्ला घुमाया उसने उन्हें भारतीय पारी का सबसे बड़ा जांबाज, सुपरहीरो बना दिया।
मैट हेनरी की यह गेंद नीची रहती ऑफ साइड के काफी बाहर लगभग पूरी पिच छोड़ती हुई आई जिसे वॉशिंगटन ने एक्रोस द पिच जाकर बॉल को फुलटॉस में कंवर्ट किया और आश्चर्यजनक ढंग से शॉर्ट फाइन लेग पर बाउंड्री लगा दी। इस शॉट को खेलते हुए सुंदर गिर पड़े पर एक्जिक्यूशन इतना जबरदस्त था कि देखने वाले बस देखते हू रह गए।
सुंदर ने अपनी इस पारी में 16 गेंदों में 37 रन बनाए जिसमें 3 चौकों के साथ 3 छक्के भी शामिल हैं। उन्होंने 231.25 के स्ट्राइक रेट से रन ठोके और आखिर तक क्रीज पर डटे रहे। उनकी इस पारी के दम पर भारतीय टीम ने 50 ओवर के खात्मे पर 306 रन का बड़ा टोटल खड़ा कर दिया।
संपादक की पसंद