1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs SA 3rd ODI: टीम इंडिया ने तीसरे वनडे को एकतरफा 9 विकेट से किया अपने नाम, सीरीज 2-1 से जीती

IND vs SA 3rd ODI: टीम इंडिया ने तीसरे वनडे को एकतरफा 9 विकेट से किया अपने नाम, सीरीज 2-1 से जीती

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Dec 06, 2025 12:28 pm IST,  Updated : Dec 06, 2025 08:48 pm IST

IND vs SA 3rd ODI: भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे मैच को 9 विकेट से अपने नाम करने के साथ सीरीज को भी 2-1 से जीत लिया है। टीम इंडिया को तीसरे मुकाबले में जीत के लिए 271 रनों का टारगेट मिला था, जिसके बाद उन्होंने इस टारगेट को 39.5 ओवर्स में हासिल कर लिया।

रोहित शर्मा और यशस्वी...- India TV Hindi
रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल Image Source : PTI

IND vs SA 3rd ODI: भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ विशाखापट्टनम के स्टेडियम में खेले गए वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले को 9 विकेट से अपने नाम करने के साथ सीरीज भी 2-1 से जीत ली है। इस मैच में भारतीय टीम के कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका टीम की पारी 47.5 ओवर्स में 270 रन बनाकर सिमट गई जिसमें अफ्रीकी टीम की तरफ से बल्लेबाजी में क्विंटन डी कॉक 106 रनों की पारी खेलने में कामयाब हो सके। वहीं टीम इंडिया की तरफ से गेंदबाजी में कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा का कमाल देखने को मिला जिसमें दोनों ने 4-4 विकेट हासिल किए। इसके अलावा अर्शदीप सिंह और रवींद्र जडेजा ने भी 1-1 विकेट लिया।

टीम इंडिया को रोहित और यशस्वी की ओपनिंग जोड़ी ने शानदार शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 155 रनों की साझेदारी की, जिसमें रोहित शर्मा 75 रनों की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौटे। वहीं इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे विराट कोहली का आक्रामक अंदाज देखने को मिला, जिसमें उन्होंने यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर टीम इंडिया को एकतरफा जीत दिलाकर वापस लौटे। यशस्वी के बल्ले से जहां नाबाद 116 रनों की पारी देखने को मिली तो वहीं विराट कोहली 65 रन बनाकर नाबाद रहे।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन:

भारत: रोहित शर्मा, यशस्वी जयसवाल, विराट कोहली, रुतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा, केएल राहुल (विकेटकीपर/कप्तान), रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा।

दक्षिण अफ्रीका: रयान रिकेलटन, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), टेम्बा बावुमा (कप्तान), मैथ्यू ब्रीट्जके, एडन माक्ररम, डेवाल्ड ब्रेविस, मार्को जानसन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी, ओटनील बार्टमैन।

  • 5 ओवर के बाद साउथ अफ्रीकी टीम ने एक विकेट के नुकसान पर 18 रन बना लिए हैं। क्रीज पर क्विंटन डि कॉक 10 रन और टेम्बा बावुमा 8 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। अर्शदीप सिंह ने पहले ओवर में ही रियान रिकेल्टन का विकेट झटक लिया था और अफ्रीकी टीम को तगड़ा झटका दिया था।
  • 10 ओवर के बाद साउथ अफ्रीकी टीम ने एक विकेट के नुकसान पर 42 रन बना लिए हैं। क्रीज पर क्विंटन डि कॉक 21 रन और टेम्बा बावुमा 19 रन बनाकर मौजूद हैं। भारतीय गेंदबाज विकेट लेने के लिए तरस रहे हैं और उनका कोई भी दांव कामयाब नहीं हो पा रहा है।
  • 20 ओवर के बाद भारतीय टीम ने एक विकेट के नुकसान पर 104 रन बना लिए हैं। क्रीज पर टेम्बा बावुमा 41 रन और क्विंटन डिकॉक 61 रन बनाकर मौजूद हैं। दोनों ही अफ्रीकी प्लेयर पूरी तरह से सेट हो चुके हैं। डिकॉक तो तेजी के साथ रन बना रहे हैं। वहीं बावुमा उनका अच्छा साथ दे रहे हैं।
  • भारत के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में साउथ अफ्रीका टीम को दूसरा झटका कप्तान टेम्बा बावुमा के रूप में 114 के स्कोर पर लगा है। बावुमा 48 रन बनाकर रवींद्र जडेजा का शिकार बने। अब बल्लेबाजी करने के लिए मैदान पर मैथ्यू ब्रिट्जकी उतरे हैं।
  • साउथ अफ्रीका ने तीसरे वनडे मैच में अपना तीसरा विकेट मैथ्यू ब्रिट्जके के रूप में 168 के स्कोर पर गंवा दिया है, जो प्रसिद्ध कृष्णा का 24 के निजी स्कोर पर शिकार बने। अब क्विंटन डी कॉक का साथ देने के लिए मैदान पर एडन मारक्रम बल्लेबाजी करने उतरे हैं।
  • विशाखापट्टनम के मैदान पर खेले जा रहे भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीसरे वनडे मैच में साउथ अफ्रीकी टीम पहले बल्लेबाजी कर रही है, जिसमें उन्हें 170 के स्कोर पर चौथा झटका एडन मारक्रम के रूप में लगा है, जो सिर्फ एक रन बनाने के बाद प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे।
  • साउथ अफ्रीका की टीम ने भारत के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में 199 के स्कोर पर अपना 5वां विकेट क्विंटन डी कॉक के रूप में गंवाया है जो 106 रनों की पारी खेलने के बाद प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर बोल्ड हो गए।
  • भारत के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में साउथ अफ्रीका की टीम ने अपना छठा विकेट 234 के स्कोर पर डेवाल्ड ब्रेविस के रूप में गंवा दिया है, जो 29 के निजी स्कोर पर कुलदीप यादव की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे।
  • साउथ अफ्रीका ने भारत के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में अपना 7वां विकेट मार्को यान्सन के रूप में 235 के स्कोर पर गंवा दिया है। यान्सन 17 के निजी स्कोर पर कुलदीप यादव का शिकार बने।
  • कुलदीप यादव ने इस मैच में साउथ अफ्रीका को आठवां झटका दिया है। उन्होंने कॉर्बिन बॉश को पवेलियन का रास्ता दिखाया है। वह 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
  • साउथ अफ्रीका की टीम ने भारत के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 258 के स्कोर पर अपना 9वां विकेट लुंगी एन्गिडी के रूप में गंवा दिया है जो सिर्फ एक रन बनाकर कुलदीप यादव का शिकार बने।
  • भारत के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका टीम की पारी 47.5 ओवर्स में 270 रन बनाकर सिमट गई है। टीम इंडिया की तरफ से कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा ने 4-4 विकेट हासिल किए।
  • साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में भारतीय टीम की पारी शुरू हो गई है, जिसमें ओपनिंग में रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल की जोड़ी उतरी है। टीम इंडिया को मुकाबला जीतने के लिए 271 रनों का टारगेट चेज करना है।
  • रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल की ओपनिंग जोड़ी ने टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में 271 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए शानदार शुरुआत दी है, जिसमें 11 ओवर्स खत्म होने पर भारतीय टीम ने बिना किसी नुकसान के 54 रन बना लिए थे।
  • साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में रोहित शर्मा के बल्ले से शानदार अर्धशतकीय पारी देखने को मिली है, जिसमें उन्होंने अपना पचासा सिर्फ 54 गेंदों में पूरा किया। वहीं 271 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने बिना किसी नुकसान के 101 रन बना लिए हैं।
  • रोहित शर्मा के बाद यशस्वी जायसवाल ने भी अच्छी बल्लेबाजी करते हुए इस मैच में अर्धशतक लगाया है। यह जायसवाल के वनडे करियर का पहला अर्धशतक है। उन्होंने 75 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की।
  • साउथ अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया को 271 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए 155 के स्कोर पर पहला झटका रोहित शर्मा के रूप में लगा है जो 73 गेंदों में 75 रनों की पारी खेलने के बाद केशव महाराज का शिकार बने। अब मैदान पर बल्लेबाजी करने के लिए विराट कोहली उतरे हैं।
  • यशस्वी जायसवाल और विराट कोहली के बीच दूसरे विकेट के लिए पूरी हुई अर्धशतकीय साझेदारी। टीम इंडिया का स्कोर 34 ओवर्स में एक विकेट के नुकसान पर 214 रन जिसमें अब जीत के लिए 57 रन और बनाने हैं।
  • साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में टीम इंडिया के ओपनिंग बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के बल्ले से शानदार शतकीय पारी देखने को मिली है, जिसमें उनका ये इस फॉर्मेट में पहला शतक है।
  • विराट कोहली का बल्ला साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे में भी बोलता हुआ दिख रहा है, जिसमें वह अपना अर्धशतक पूरा करने में कामयाब हुए हैं।
  • टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में 271 रनों का टारगेट 39.5 ओवर्स में सिर्फ 1 विकेट के नुकसान पर अपने नाम करने के साथ सीरीज भी जीत ली। भारतीय टीम की तरफ से यशस्वी जायसवाल के बल्ले से जहां शतकीय पारी देखने को मिली तो वहीं रोहित शर्मा और विराट कोहली अर्धशतकीय पारी खेलने में कामयाब रहे।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल