1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारत बनाम श्रीलंका के बीच कोलंबो टेस्ट के पांचों दिन ऐसा रहेगा मौसम का हाल, बारिश कर सकती है फैंस का मजा किरकिरा

भारत बनाम श्रीलंका के बीच कोलंबो टेस्ट के पांचों दिन ऐसा रहेगा मौसम का हाल, बारिश कर सकती है फैंस का मजा किरकिरा

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Aug 22, 2026 11:34 pm IST,  Updated : Aug 22, 2026 11:56 pm IST

भारत और श्रीलंका के बीच में कोलंबो के एसएससी ग्राउंड पर 23 अगस्त से टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा जिसमें सबसे ज्यादा नजरें सभी की मौसम को लेकर रहने वाली हैं और बारिश के चलते खेल में खलल पड़ने की पूरी उम्मीद की जा रही है।

Sinhalese Sports Club- India TV Hindi
स‍िंहलीज स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड, कोलंबो Image Source : AFP

भारत और श्रीलंका की टीम के बीच में खेली जा रही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले का आगाज 23 अगस्त से कोलंबो को स‍िंहलीज स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड पर होगा। इस मैच में मेजबान टीम की नजरें जहां मुकाबले को जीतकर सीरीज को बराबरी पर खत्म करने पर रहने वाली हैं तो वहीं भारतीय टीम की कोशिश इस मैच को भी जीतकर क्लीन स्वीप करते हुए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंकतालिका में अपनी रैंकिंग को सुधारने पर रहने वाली है। दोनों टीमों के बीच होने वाले इस मुकाबले में मौसम को लेकर भी काफी नजरें रहेंगी क्योंकि गॉल में खेले गए पहले मुकाबले में बारिश के चलते काफी खलल देखने को मिला था। वहीं कोलंबो में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच के पांचों दिन के खेल में मौसम को लेकर अच्छी खबर सामने नहीं आई है।

पांचों दिन बारिश होने की काफी संभावना

कोलंबो के स‍िंहलीज स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड पर होने वाले इस मुकाबले के पांचों दिन के मौसम को लेकर बात की जाए तो एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार पहले दिन के खेल में 64 फीसदी बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं दूसरे दिन के खेल के मौसम को लेकर बात की जाए तो उसमें करीब 96 फीसदी बारिश होने की संभावना है जिससे पूरे दिन का खेल भी खराब हो सकता है। तीसरे दिन इसमें अधिक सुधार देखने को नहीं मिलने की उम्मीद है जिसमें 25 अगस्त को करीब 91 फीसदी बारिश होने की संभावना है। वहीं इस टेस्ट के चौथे दिन यानी 26 अगस्त को बारिश होने की संभावना में थोड़ी गिरावट देखने को मिलेगी और उसमें 60 फीसदी बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं इस कोलंबो टेस्ट के आखिरी दिन यानी 27 अगस्त को एकबार फिर से बारिश होने की 91 फीसदी संभावना जताई गई है।

कोलंबो टेस्ट में पांचों दिन बारिश होने की रहेगी यह संभावना

  • 23 अगस्त पहला दिन - 64 फीसदी बारिश होने की संभावना
  • 24 अगस्त दूसरा दिन - 96 फीसदी बारिश होने की संभावना
  • 25 अगस्त तीसरा दिन - 91 फीसदी बारिश होने की संभावना
  • 26 अगस्त चौथा दिन - 60 फीसदी बारिश होने की संभावना
  • 27 अगस्त पांचवां दिन - 91 फीसदी बारिश होने की संभावना

भारतीय टीम ने साल 2015 से श्रीलंका के खिलाफ नहीं गंवाया टेस्ट मुकाबला

टीम इंडिया का श्रीलंका के खिलाफ पिछले एक दशक में टेस्ट क्रिकेट में काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें उन्हें श्रीलंकाई टीम के खिलाफ पिछली बार साल 2015 में टेस्ट मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। वहीं इसके बाद से दोनों टीमों के बीच में खेले गए 11 टेस्ट मुकाबलों में भारतीय टीम 9 मैचों को जीतने में कामयाब रही जबकि 2 मैच ड्रॉ पर खत्म हुए। टीम इंडिया की नजरें कोलंबो टेस्ट में भी अपनी इसी लय को बरकरार रखने पर रहने वाली है।

ये भी पढ़ें

 

मिचेल स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट में रचा इतिहास, मैच की पहली गेंद पर सबसे ज्यादा बार विकेट लेने वाले बने गेंदबाज

शुभमन गिल के पास बतौर टेस्ट कप्तान बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका, सीरीज जीत के साथ बनेंगे खास क्लब का हिस्सा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल