Highlights
- भारत और वेस्टइंडीज के बीच आज खेला जाएगा वन डे सीरीज का आखिरी मैच
- पहले दो मैच जीतकर टीम इंडिया ने सीरीज में बनाई हुई है अजेय बढ़त
- आखिरी मैच जीतकर भी टीम इंडिया आज रचना चाहेगी बहुत बड़ा इतिहास
IND vs WI : भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही वन डे सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच आज खेला जाएगा। टीम इंडिया सीरीज में पहले से ही दो मैच जीत चुकी है और सीरीज पर भी कब्जा कर लिया है। आज का मैच अगर भारतीय टीम जीतती है तो वेस्टइंडीज का इस पूरी सीरीज में सफाया हो जाएगा। इस बीच आज का मैच काफी अहम होने वाला है, क्योंकि इससे पहले जो दो मैच खेले गए हैं, उसमें भले टीम इंडिया जीत गई हो, लेकिन मैच एकतरफा नहीं हुए। मैच का परिणाम आखिरी ओवर में जाकर निकला। आज के मैच से पहले टीम इंडिया के हेड कोच राहुल द्रविड़ और कप्तान शिखर धवन को कुछ बड़े फैसले लेने होंगे।
ईशन किशन और रुतुराज गायकवाड़ को मिलेगा मौका
इस सीरीज में जो दो मैच हुए हैं, उसमें कप्तान शिखर धवन और शुभमन गिल ने टीम इंडिया के लिए ओपनिंग की है। वैसे तो भारत के पास दो और ऑप्शन हैं, ईशान किशन और रुतुराज गायकवाड़, लेकिन इन दोनों को अभी तक मौका नहीं मिला है। आज बड़ा सवाल ये होगा कि पहले दो मैच वाली ओपनिंग जोड़ी ही मैदान पर उतरेगी, या फिर जिन्हें मौका नहीं मिला है, उन्हें टीम में लिया जाएगा। इसके साथ ही ये भी फैसला लेना होगा कि ईशान किशन, रुतुराज गायकवाड़ और अर्शदीप सिंह को इस सीरीज में मौका मिल पाएगा या नहीं। अर्शदीप सिंह को तो अभी तक वन डे डेब्यू करने का मौका भी नहीं मिला है। आज अगर उन्हें मौका मिलता है तो ये उनका पहला मैच होगा। हालांकि टी20 में उन्होंने ठीकठाक प्रदर्शन किया है। देखना होगा कि कप्तान शिखर धवन और कोच राहुल द्रविड़ अर्शदीप सिंह के बारे में क्या सोचते हैं।
रवींद्र जडेजा की फिटनेस पर कोई अपडेट नहीं
इसके साथ ही एक सवाल रवींद्र जडेजा को लेकर भी है। इस वन डे सीरीज के लिए रवींद्र जडेजा को भी टीम में शामिल किया गया था, लेकिन इससे पहले ही कि पहला मैच खेला जाता, रवींद्र जडेजा चोटिल हो गए थे और पहले दो मैचों से बाहर हो गए थे। कहा गया था कि आखिरी मैच में वे वापसी कर सकते हैं, लेकिन अभी तक उनको लेकर कोई भी अपडेट सामने नहीं आया है। हालांकि ऑलराउंडर के तौर पर खेल रहे अक्षर पटेल ने सीरीज के दूसरेे मैच में जिस तरह की आक्रामक बल्लेबाजी कर टीम इंडिया को आखिरी ओवर में जीत दिलाई, उसके बाद उनकी जगह टीम में पक्की नजर आ रही है। वैसे भी रवींद्र जडेजा टी20 सीरीज वाली टीम में भी शामिल हैं और उन्हें एक और मैच में आराम दिया जा सकता है, ताकि वे टी20 सीरीज के लिए पूरी तरह से फिट और तैयार हो सकें।