1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारत की अभ्यास मैच में जीत ने खोले कई राज, पडिक्कल ने नंबर-3 पर ठोका दावा, पंत ने दी टेंशन

भारत की अभ्यास मैच में जीत ने खोले कई राज, पडिक्कल ने नंबर-3 पर ठोका दावा, पंत ने दी टेंशन

 Written By: Vanson Soral
 Published : Aug 10, 2026 08:55 am IST,  Updated : Aug 10, 2026 08:55 am IST

भारतीय टीम इस समय श्रीलंका दौरे पर है। भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से टेस्ट सीरीज का आगाज होगा। इससे पहले टीम इंडिया ने वॉर्म-अप मैच अपने नाम किया।

IND vs SL- India TV Hindi
टीम इंडिया Image Source : BCCI

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम को अभ्यास मैच में सिर्फ जीत ही नहीं मिली, बल्कि कई अहम सवालों के जवाब भी मिल गए। देवदत्त पडिक्कल के शानदार शतक, शुभमन गिल की फिटनेस और गुरनूर बराड़ के प्रभावशाली प्रदर्शन ने टीम मैनेजमेंट को काफी राहत दी है। हालांकि, ऋषभ पंत की बल्लेबाजी अब भी चिंता का विषय बनी हुई है। श्रीलंका दौरे की शुरुआत भारतीय टीम के लिए जीत के साथ हुई, लेकिन तीन दिवसीय अभ्यास मैच का असली फायदा स्कोरबोर्ड से कहीं ज्यादा टीम कॉम्बिनेशन को लेकर मिला। भारत ने 9 अगस्त को श्रीलंका क्रिकेट XI को 6 विकेट से हराकर मुकाबला अपने नाम किया। यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने 207 रन के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।

मूल रूप से यह मुकाबला चार दिन का होना था, लेकिन इसे आखिरी समय में तीन दिन का कर दिया गया। इसके बावजूद भारतीय टीम मैनेजमेंट को कई अहम सवालों के जवाब मिल गए। 15 अगस्त से गॉल में शुरू होने वाले पहले टेस्ट के लिए टीम का संभावित कॉम्बिनेशन भी अब काफी हद तक साफ नजर आ रहा है।

इस अभ्यास मैच से पहले भारतीय टीम कुछ फिटनेस चिंताओं से जूझ रही थी। साई सुदर्शन की फिटनेस पर सवाल था और मुकाबले के दौरान उन्हें पूरी टेस्ट सीरीज से बाहर कर दिया गया। वहीं कप्तान शुभमन गिल को ट्रेनिंग के दौरान दाहिने हाथ में चोट लगी थी, जिसके कारण वह अभ्यास मैच के शुरुआती दो दिनों में मैदान पर नहीं उतरे। हालांकि, बाद में गिल ने वापसी कर इन चिंताओं को काफी हद तक दूर कर दिया।

नंबर-3 पर पडिक्कल ने किया दावा मजबूत

अभ्यास मैच की सबसे बड़ी खबर देवदत्त पडिक्कल की नाबाद 142 रन की पारी रही। पडिक्कल ने नंबर-3 पर उतरकर ऐसा प्रदर्शन किया कि टीम मैनेजमेंट के लिए उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर रखना मुश्किल नजर आ रहा है। पडिक्कल ने तेज गेंदबाजों के साथ-साथ स्पिनरों का भी आत्मविश्वास के साथ सामना किया। उनकी फुटवर्क खास तौर पर शानदार रही। उन्होंने सिर्फ रक्षात्मक बल्लेबाजी नहीं की, बल्कि जरूरत पड़ने पर आक्रामक शॉट खेलकर गेंदबाजों पर दबाव भी बनाया।

गिल ने फिटनेस को लेकर दूर की चिंता

ट्रेनिंग के दौरान दाहिने हाथ में चोट लगने के बाद शुभमन गिल के पहले टेस्ट में खेलने को लेकर सवाल उठने लगे थे। अभ्यास मैच के शुरुआती दो दिन मैदान से दूर रहने के कारण इन आशंकाओं को और बल मिला। लेकिन तीसरे दिन गिल ने पहले लंबा नेट सेशन किया और फिर 207 रन के लक्ष्य का पीछा करने भारतीय पारी की शुरुआत करने उतर गए। उन्होंने 44 रन की उपयोगी पारी खेली और इस दौरान सहज नजर आए। गिल की इस वापसी से साफ संकेत मिला है कि वह पहले टेस्ट के लिए फिट हैं और कप्तान के रूप में टीम की अगुआई करते नजर आएंगे।

गुरनूर ने प्रसिद्ध कृष्णा को दी चुनौती

श्रीलंका की परिस्थितियों को देखते हुए भारत के दो तेज गेंदबाजों के साथ उतरने की संभावना है। मोहम्मद सिराज का खेलना लगभग तय माना जा रहा है, लेकिन दूसरे तेज गेंदबाज की जगह के लिए प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बराड़ के बीच मुकाबला है। अभ्यास मैच में गुरनूर ने प्रसिद्ध पर बढ़त बनाने वाला प्रदर्शन किया। उन्होंने छोटी गेंदों का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए श्रीलंका क्रिकेट XI के बल्लेबाजों को परेशान किया। उनकी गेंदबाजी में आक्रामकता साफ नजर आई। सिर्फ गेंद से ही नहीं, बल्ले से भी गुरनूर ने प्रभावित किया। उन्होंने पहली पारी में महज 18 गेंदों पर 36 रन ठोके, जिसमें चार छक्के शामिल थे।

पंत के लिए खतरे की घंटी?

भारत की जीत के बावजूद ऋषभ पंत का प्रदर्शन टीम मैनेजमेंट के लिए चिंता का विषय जरूर होगा। पंत दोनों पारियों में गैरजरूरी शॉट खेलकर अपना विकेट गंवा बैठे। दोनों बार उन्होंने आगे बढ़कर गेंद को छक्के के लिए भेजने की कोशिश की, लेकिन डीप में खड़े फील्डर को कैच थमा बैठे। पंत भारत के सबसे प्रभावी टेस्ट बल्लेबाजों में शामिल हैं, लेकिन हालिया प्रदर्शन में उनसे जिस तरह की जिम्मेदारी की उम्मीद है, वह नजर नहीं आई।

यह भी पढ़ें:

शेर-ए-पंजाब T20 लीग में दिखेगा गिल और अभिषेक का जलवा, सनवीर सिंह बने सबसे महंगे खिलाड़ी

राहुल द्रविड़ के बाद VVS लक्ष्मण क्यों नहीं बने टीम इंडिया के कोच? पूर्व बल्लेबाज ने अब खोला राज

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल