1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs AFG: भारतीय टीम ने अफगानिस्तान को पहले वनडे में दी 7 विकेट से मात, कप्तान गिल ने खेली 84 रनों की शानदार पारी

IND vs AFG: भारतीय टीम ने अफगानिस्तान को पहले वनडे में दी 7 विकेट से मात, कप्तान गिल ने खेली 84 रनों की शानदार पारी

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jun 13, 2026 12:56 pm IST,  Updated : Jun 13, 2026 10:17 pm IST

IND vs AFG: भारतीय टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत धमाकेदार 7 विकेट से जीत के साथ की है, जिसमें उन्होंने 195 रनों के टारगेट को 22.5 ओवर्स में हासिल कर लिया।

भारत बनाम...- India TV Hindi
भारत बनाम अफगानिस्तान, पहला वनडे मैच। Image Source : AP

IND vs AFG 1st ODI: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला धर्मशाला के स्टेडियम में खेला गया जिसे टीम इंडिया 7 विकेट से अपने नाम करने के साथ 1-0 की बढ़त लेने में कामयाब रही। बारिश के खलल की वजह से इस मुकाबले को 25-25 ओवर्स का खेला गया जिसमें टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। अफगानिस्तान की टीम 24.5 ओवर्स में 194 रनों के स्कोर पर सिमट गई। टीम इंडिया ने 195 रनों के टारगेट को 22.5 ओवर्स में सिर्फ तीन विकेट के नुकसान पर आसानी से हासिल कर लिया जिसमें कप्तान शुभमन गिल के बल्ले से 84 रनों की नाबाद बेहतरीन पारी देखने को मिली।

अफगानिस्तान टीम की बल्लेबाजी में सिर्फ उनके ओपनर रहमनुल्लाह गुरबाज का कमाल देखने को मिला, जिन्होंने 51 गेंदों में 102 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली, इसके बाद अन्य कोई भी बल्लेबाज 30 रनों का आंकड़ा भी पार करने में कामयाब नहीं हो सका। भारतीय टीम की तरफ से गेंदबाजी में इस मैच में डेब्यू कर रहे गुरनूर बरार और हर्ष दुबे का कमाल देखने को मिला, जिसमें दोनों ने 3-3 विकेट हासिल किए। इसके अलावा अर्शदीप सिंह और नितीश कुमार रेड्डी ने भी 2-2 विकेट हासिल किए।

195 रनों का टारगेट का पीछा करने के लिए भारतीय टीम की तरफ से ओपनिंग में शुभमन गिल और रोहित शर्मा की जोड़ी मैदान पर उतरी थी, जिसमें दोनों के बीच में 46 रनों की साझेदारी देखने को मिली। रोहित इस मैच में 16 के निजी स्कोर पर रन आउट हो गए। इसके बाद नंबर-3 की पोजीशन पर बल्लेबाजी करने के लिए लंबे समय के बाद वनडे में वापसी कर रहे ईशान किशन को भेजा गया। शुभमन गिल और ईशान के बीच में दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 43 गेंदों में 70 रनों की साझेदारी देखने को मिली। ईशान किशन इस मैच में 34 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे। वहीं श्रेयस अय्यर भी सिर्फ 12 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद गिल को केएल राहुल का साथ मिला और दोनों जीत दिलाकर वापस लौटे। गिल के बल्ले से जहां 84 रन देखने को मिले तो वहीं राहुल 39 रनों की पारी खेलने में कामयाब रहे। अफगानिस्तान की तरफ से गेंदबाजी में शरीफी और राशिद खान ने 1-1 विकेट हासिल किया।

यहां पर देखिए इस मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग

भारत - शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, गुरनूर बरार, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा।

अफगानिस्तान - इब्राहिम जदरान, रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, मोहम्मद सलीम सैफी, एएम गजनफर, जिया उर रहमान शरीफी।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल