India vs Australia 2nd T20I Match: टीम इंडिया का ऑस्ट्रेलिया दौरा अभी जारी है। पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है। पहला मैच बारिश के कारण पूरा नहीं हो पाया और इस रद घोषित कर दिया गया। अब दूसरे मैच की बारी है, जो 31 अक्टूबर को खेला जाएगा। इस बीच सवाल ये है कि क्या दूसरे टी20 मैच में भारत की प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव होगा। एक खिलाड़ी खेलने का दावेदार है, लेकिन पहले मैच में उसे मौका नहीं मिला था। कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए ये फैसला लेना आसान नहीं होगा।
पहला मैच नहीं हो पाया था पूरा
कैनबरा में खेले गए पहले टी20 इंटरनेशनल में 10 ओवर भी नहीं हो पाए। टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी कर रही थी। भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा आउट हो गए थे, इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल क्रीज पर थे, तभी बारिश आ गई। यानी ना तो भारत की पूरी टीम बल्लेबाजी कर पाई और ना ही गेंदबाजी आई। पूरा मैच हुए बिना ये काम काफी ज्यादा मुश्किल होता है कि किसी खिलाड़ी को बाहर किया जाए।
हर्षित राणा की जगह अर्शदीप सिंह को मिल सकता है मौका
पहला टी20 इंटरनेशनल मैच कैनबरा में था, लेकिन दूसरा मुकाबला मेलबर्न में खेला जाएगा। माना जाता है कि मेलबर्न में तेज गेंदबाजों को उछाल थोड़ा ज्यादा मिलता है। ऐसे में अर्शदीप सिंह को इस मैच की प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो हर्षित राणा को बाहर बैठना पड़ सकता है। अर्शदीप सिंह भारत के लिए सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल विकेट ले चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर होना पड़ता है, ये बात अहम है।
दूसरा मुकाबला होगा सीरीज के लिए काफी अहम
अब सीरीज के चार ही मैच और बचे हैं। जो कम दिनों के ही अंतराल पर खत्म हो जाएंगे। अब जो भी टीम दूसरा मैच जीतने में कामयाब होगी, उसके पास सीरीज जीतने के चांस भी ज्यादा होंगे। ऐसे में अगला मैच दोनों टीमों के लिए काफी ज्यादा अहम होने वाला है। अब देखना होगा कि कप्तान सूर्यकुमार यादव किस रणनीति के साथ मैदान में उतरते हैं।
दूसरे T20I के लिए भारत की संभावित प्लेइंग XI: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (कीपर), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव।
यह भी पढ़ें
IPL 2026 से पहले बहुत बड़ा बदलाव, इस टीम ने बदल दिया अपना हेड कोच
IND vs AUS: कब होगा भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया दूसरा टी20 मुकाबला, ये है मैच शुरू होने का वक्त