1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. एशिया कप 2022 में भारत बनाम पाकिस्तान मैच के बाद ब्रिटेन में भिड़े दो पक्ष, देखिए VIDEO

एशिया कप 2022 में भारत बनाम पाकिस्तान मैच के बाद ब्रिटेन में भिड़े दो पक्ष, देखिए VIDEO

 Written By: PTI Edited By: Pankaj Mishra
 Published : Sep 19, 2022 02:07 pm IST,  Updated : Sep 19, 2022 02:07 pm IST

Asia Cup 2022 IND vs PAK : ब्रिटेन की पुलिस ने अगस्त के आखिर में एशिया कप 2022 में भारत बनाम पाकिस्तान मैच के बाद गंभीर अव्यवस्था फैल जाने के कारण शांति की अपील की है।

IND vs PAK Match in Asia Cup 2022- India TV Hindi
IND vs PAK Match in Asia Cup 2022 Image Source : AP

Highlights

  • एशिया कप 2022 में 28 अगस्त को खेला गया था भारत बनाम पाकिस्तान पहला मैच
  • सुपर 4 में भारत और पाकिस्तान के बीच फिर से चार सितंबर को हुआ था मुकाबला
  • इंग्लैंड के लीसेस्टर शहर में भारत और पाकिस्तान के फैंस आ गए सड़कों पर

Aisa Cup 2022 IND vs PAK Britain clashed : एशिया कप 2022 खत्म हुए वक्त बीत गया है। श्रीलंका ने इस साल का  एशिया कप अपने नाम किया है। टीमें अब आगे की सीरीज की तैयारी में भी जुट गई हैं, लेकिन एशिया कप 2022 में भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम पर मैच खेला गया था। इसके बाद ब्रिटेन में दो पक्ष आमने सामने आ गए थे। ये विवाद अभी तक शांत नहीं हुआ है। भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट फैंस सड़कों पर उतर आए थे, जिसे शांत करने के लिए पुलिस को हल्के बल का भी इस्तेमाल करना पड़ा। कुछ रिपोर्ट इस तरह की भी आईं कि भीड़ काफी हिंसक को गई थी। पुलिस इस तरह के प्रदर्शनों में शामिल न होने के लिए लोगों से अपील कर रही है। 

शनिवार और रविवार को फिर भड़की हिंसा 

ब्रिटेन की पुलिस ने अगस्त के आखिर में एशिया कप 2022 में भारत बनाम पाकिस्तान मैच के बाद शनिवार और रविवार तड़के पूर्वी इंग्लैंड के लीसेस्टर शहर में प्रशंसकों के बीच झड़प के बाद गंभीर अव्यवस्था फैल जाने के कारण शांति की अपील की है। सोशल मीडिया पर आई रिपोर्ट में दावा किया गया कि इस सप्ताह के अंत में एक विरोध प्रदर्शन से मामला बढ़ा। वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि पुलिस भीड़ के दो समूहों को रोकने की कोशिश कर रही है, जबकि इस दौरान कांच की बोतलें फेंकी गई थी और कुछ लोगों को लाठी और डंडों के साथ देखा जा सकता था। लीसेस्टर पुलिस के अस्थायी मुख्य कांस्टेबल रॉब निक्सन ने एक ट्विटर वीडियो में कहा कि हमें शहर के पूर्वी लीसेस्टर क्षेत्र के कुछ हिस्सों में अव्यवस्था फैलने की कई खबरें मिली हैं। उन्होंने कहा कि हमने वहां अधिकारियों को भेजा, हम स्थिति को नियंत्रित कर रहे हैं, अतिरिक्त अधिकारी भी वहां पहुंच रहे हैं। कृपया इसमें शामिल न हों। हम शांति का आह्वान कर रहे हैं।

उपद्रव कर रहे लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया 
स्थानीय पुलिस बल ने कहा कि उसके अधिकारी बड़ी संख्या में वहां पहुंच और इलाके में शांति बहाल करने के प्रयास में उन्हें लोगों को रोकने और तलाशी लेने के लिए अधिकृत किया गया है। बड़ी संख्या में लोगों की तलाशी ली गई और दो लोग हिरासत में हैं। इनमें से एक पर हिंसक अव्यवस्था की साजिश का संदेह है और दूसरे पर ब्लेड जैसी वस्तु रखने का संदेह है। लीसेस्टर पुलिस ने बयान में कहा कि पुलिस को हिंसा और नुकसान की कई घटनाओं की सूचना दी गई है और इसकी जांच की जा रही है। हमें लीसेस्टर के मेल्टन रोड पर एक धार्मिक इमारत के बाहर एक व्यक्ति के झंडा खींचने का वीडियो फैलने की जानकारी है। ऐसा प्रतीत होता है जब पुलिस अधिकारी क्षेत्र में सार्वजनिक अव्यवस्था से निपट रहे थे तब यह घटना हुई। घटना की जांच की जाएगी।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को दिया सख्त संदेश 
बयान के अनुसार हम स्थानीय समुदाय के नेताओं के समर्थन से बातचीत और शांति का आह्वान करना जारी रखे हुए हैं। हम अपने शहर में हिंसा या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं करेंगे। पुलिस ने कहा कि आने वाले दिनों में क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पुलिस अभियान जारी रहेगा। भारत और पाकिस्तान के बीच 28 अगस्त को दुबई में मैच के मद्देनजर स्थानीय हिंदू और मुस्लिम समूहों के बीच अशांति के कारण पुलिस ने इस महीने की शुरुआत में भी इसी तरह के आदेश दिए थे। शुक्रवार को मुख्य कांस्टेबल निक्सन ने कहा कि पूर्वी लीसेस्टर क्षेत्र में पुलिस अभियान के हिस्से के रूप में कुल 27 गिरफ्तारियां हुई हैं। 

(PTI inputs)

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल