भारत बनाम जिम्बाब्वे पहले T20 इंटरनेशनल मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 125 रन बनाए। इसके जवाब में भारत 13.2 ओवर में 126 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। ये एक आसान लक्ष्य था, जिसे टीम इंडिया ने वैभव सूर्यवंशी के पहले अर्धशतक की बदौलत हासिल कर लिया। इस तरह श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया पहली जीत दर्ज करने में सफल रही।
भारत की अच्छी गेंदबाजी, मयंक और प्रिंस यादव ने लिए दो दो विकेट
भारत की ओर से अच्छी गेंदबाजी देखने के लिए मिली। करीब 2 साल बार इंटरनेशनल मैच खेलने उतरे मयंक यादव ने चार ओवर में 18 रन देकर दो विकेट लिए। प्रिंस यादव ने भी दो विकेट लिए। उन्होंने 4 ओवर में 19 रन दिए। एक एक विकेट शिवम दुबे और रवि बिश्नोई को मिला। हालांकि अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेल रहे अशोक शर्मा को सफलता नहीं मिली। उन्होंने चार ओवर में 29 रन दिए। वही एक ऐसे गेंदबाज रहे, जिन्हें कोई विकेट नहीं मिला।
श्रेयस अय्यर को अपनी कप्तानी में पहली जीत की तलाश
हरारे में मिली इस पहली जीत से पहले श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया एक भी मैच जीत नहीं पाई थी। पहले भारतीय टीम को आयरलैंड के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में 0-2 से हार मिली और उसके बाद इंग्लैंड में भी 5 मैचों की सीरीज में से 4 में हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था। अब अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया की जीत का खाता खुल गया है।
अब तक ऐसा रहा है भारत और जिम्बाब्वे के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड
भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेला गया ये 15वां T20 इंटरनेशनल मैच रहा। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया की जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत की संख्या 12 हो गई है। तीन में जिम्बाब्वे को जीत मिली है। अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा मुकाबला 25 जुलाई को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। इसके अगले दिन सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच हरारे में ही आयोजित होगा।