Highlights
- आईपीएल 2022 में पहला मैच खेलने के लिए उतरेगी सीएसके की टीम
- पहला मैच 26 मार्च को सीएसके और केकेआर के बीच खेला जाएगा
- फैफ डुप्लेसी के आरसीबी में जाने से टीम को बदलना पड़ेगा ओपनर
आईपीएल 2022 का पहला मैच 26 मार्च को खेला जाएगा। इस दिन आईपीएल का आगाज होगा। पहले ही मैच में एमएस धोनी की कप्तानी वाली सीएसके की टीम उतरती हुई नजर आएगी। वहीं चेन्नई सुपरकिंग्स के सामने श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली केकेआर की टीम होगी। श्रेयस अय्यर पहली बार केकेआर की कप्तानी करेंगे। इस बीच सबसे बड़ा सवाल यही पूछा जा रहा है कि इस बार सीएसके की ओर से ओपनिंग कोन करेगा। क्योंकि इससे पहले तो सीएसके के ओपनर रुतुराज गायकवाड और फैफ डुप्लेसी हुआ करते थे, लेकिन अब रुतुराज तो हैं, लेकिन फैफ नहीं हैं, वे आरसीबी में चले गए हैं और इस बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की कप्तानी भी करेंगे।
रॉबिन उथप्पा हो सकते हैं ओपनिंग के लिए विकल्प
आईपीएल 15 में सीएसके के लिए एक ओर से ओपनिंग की जिम्मेदारी रुतुराज गायकवाड निभाएंगे इसमें तो कोई शक होने नहीं चाहिए, लेकिन दूसरी ओर से टीम के सामने दो आप्शन हैं। टीम में इस बार भी रॉबिन उथप्पा हैं। हालांकि पिछले सीजन में वे नंबर तीन पर आए थे, लेकिन ये भूलना नहीं चाहिए कि रॉबिन उथप्पा लंबे अर्से तक केकेआर के लिए आईपीएल में ओपनिंग करते आए हैं, वहीं उन्होंने टीम इंडिया के लिए भी ओपनिंग की है। ऐसे में वे एक प्रबल दावेदार हो सकते हैं। लेकिन टीम के पास इससे भी धाकड़ एक खिलाड़ी है। वो हैं डेवोन कॉनवे।
डेवोन कॉनवे करेंगे आईपीएल में डेब्यू, कर सकते हैं ओपनिंग
इस बार सीएसके ने ओपनिंग के लिहाज से ही डेवोन कॉनवे को टीम में शामिल किया है। वे आईपीएल में अपने डेब्यू का इंतजार कर रहे हैं। डेवोन कॉनवे न्यूजीलैंड के शानदार खिलाड़ियों में से एक हैं। डेवोन कॉनवे ने अभी तक आईपीएल तो नहीं खेला है, लेकिन टी20 में उनके आंकड़े काफी प्रभावित करते हैं। उन्होंने अब तक 20 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, इसमें 602 रन वे बना चुके हैं। उनके नाम शतक तो नहीं है, लेकिन चार अर्धशतक वे लगा चुके हैं और उनका सर्वाधिक स्कोर 99 रन नाबाद है। डेवोन कॉनवे 139 से भी ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हैं और उनका औसत 50 से अधिक का है। अब डेवोन कॉनवे अपनी टीम सीएसके से जुड़ चुके हैं और सीएसके की ओर से उनका फोटो भी शेयर किया गया है। यानी पूरी संभावना है कि वे इस बार रुतुराज गायकवाड क जोड़ीदार हो सकते हैं।