Jasprit Bumrah India vs England: भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला बुधवार से बर्मिंघम में खेला जा रहा है। एक बार फिर से भारतीय कप्तान शुभमन गिल टॉस हार गए और भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आना पड़ा। टीम इंडिया अपनी पहली पारी में कितने रन बनाएगी, ये तो बाद की बात है, लेकिन उस वक्त सभी लोग चौंक गए, जब जसप्रीत बुमराह भारत की प्लेइंग इलेवन से बाहर हो गए। बताया जाता है कि उन्हें आराम दिया गया है। लेकिन क्या आठ दिन का आराम बुमराह के लिए काफी नहीं था, जो एक फंसी हुई सीरीज के अहम मुकाबले में वे आराम कर रहे हैं। ऐसा बुमराह किस काम का है, जो टीम को संकट में फंसा हुआ छोड़ दे और आराम करता रहे।
बुमराह तीन ही टेस्ट इस सीरीज के खेल पाएंगे
जब टीम इंडिया का ऐलान बीसीसीआई की ओर से इंग्लैंड सीरीज के लिए किया गया, उसी वक्त ये तय हो गया था कि बुमराह तीन ही मैच खेल पाएंगे, लेकिन वे तीन मैच कौन से होंगे, जिसमें वे खेलेंगे और वे कौन से दो मैच होंगे, जिसमें बुमराह नहीं खेलेंगे, ये किसी को पता नहीं था। लेकिन अब दूसरा ही मैच उन्होंने मिस कर दिया है। ये हाल तब है, जब सीरीज का पहला ही मुकाबला 24 जून को खत्म हो गया था, यानी पहले और दूसरे मुकाबले में एक सप्ताह का गैप था। करीब आठ दिन रेस्ट करने के बाद भी बुमराह को और आराम की जरूरत है। ये कैसी हास्यास्पद स्थिति है।
दो टेस्ट हारे को सीरीज में वापसी हो जाएगी मुश्किल
टेस्ट सीरीज का पहला ही मैच टीम इंडिया जसप्रीत बुमराह की मौजूदगी में हार चुकी है, इसके बाद भी दूसरा मैच बुमराह नहीं खेल रहे हैं, जबकि पहले ही वे करीब आठ दिन का रेस्ट ले चुके हैं। पहला टेस्ट हारने के बाद अगर दूसरा मैच भी हाथ से चला गया तो फिर वहां से वापसी करना करीब करीब असंभव होगा। वैसे पांच मैचों की सीरीज में पहले दो मुकाबले हराकर टीमों ने वापसी की है, लेकिन इंग्लैंड की टीम इस वक्त जिस तरह का आक्रामक क्रिकेट खेल रही है, उससे नहीं लगता कि दो मैच हराकर फिर भारतीय टीम सीरीज का बचाव कर पाएगी।
आईपीएल के इतने व्यस्त कार्यक्रम में भी खेलते हैं सारे मैच
याद रखिएगा कि ये वही जसप्रीत बुमराह हैं, जो आईपीएल में बिना रेस्ट के हर मुकाबला खेलते हुए दिखाई देते हैं। पूरे दो महीने वे व्यस्त रहते हैं, लेकिन जैसे ही वे इंटरनेशनल मैचों में वापसी करते हैं और टीम इंडिया के लिए खेलते हैं तो तुरंत वर्कलोड मैनेजमेंट की बात सामने आ जाती है। आठ दिन का रेस्ट भी उनके लिए नाकाफी हो जाता है। अब देखना होगा कि बुमराह के बगैर भारतीय टीम किस तरह का प्रदर्शन करती है। साथ ही उम्मीद की जानी चाहिए कि तीसरे मुकाबले में बुमराह फिर से खेलते हुए नजर आएंगे।