इंग्लैंड दौरे पर इंडिया-ए की टीम इंग्लैंड लायंस के खिलाफ पहला अनऑफिशियल टेस्ट मैच खेल रही है। इस मैच में इंडिया-ए के प्लेयर्स ने दमदार प्रदर्शन किया है। सरफराज खान, ध्रुव जुरेल और करुण नायर ने अच्छी बल्लेबाजी का नमूना पेश किया है। मैच में नायर ने दमदार दोहरा शतक लगाया है।
करुण नायर की बेहतरीन बल्लेबाजी
इंग्लैंड लायंस के खिलाफ यशस्वी जायसवाल और अभिमन्यु ईश्वरन बड़ी पारियां नहीं खेल पाए। इसके बाद तीसरे नंबर पर उतरे करुण नायर ने दमदार बल्लेबाजी की। उन्होंने कोई हड़बड़ी नहीं दिखाई और धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए विरोधी गेंदबाजों की खटिया खड़ी कर दी। इंग्लैंड लायंस के बॉलर्स उनके डिफेंस को भेद नहीं पाए। उन्होंने 155 बॉल पर 100 रन पूरे किए। इसके बाद वह यहीं रुके और दोहरा शतक जड़कर ही दम लिया। वह अभी 272 गेंदों में 203 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। उन्होंने अपनी पारी में 26 चौके और एक छक्का लगाया है।
8 साल बाद हुई है भारतीय टेस्ट टीम में वापसी
करुण नायर को इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय सीनियर टीम में भी जगह मिली है। उनका फॉर्म में होना टीम इंडिया के लिए बहुत ही शुभ संकेत है। अब दोहरा शतक जड़ते ही उन्होंने सीनियर टीम की प्लेइंग इलेवन में आने का दावा भी ठोक दिया है। उनकी टेस्ट टीम में वापसी 8 साल के बाद हुई है।
साल 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ लगाया था तिहरा शतक
करुण नायर ने पिछले कुछ समय से अपने बल्ले की धमक दिखाई है और घरेलू क्रिकेट में रनों के पहाड़ खड़े किए हैं। इसी वजह से उन्हें टीम इंडिया में वापसी का मौका मिला है। उन्होंने अभी तक भारत के लिए 6 टेस्ट मैचों में कुल 374 रन बनाए हैं, जिसमें एक तिहरा शतक भी शामिल है। खास बात ये है कि उन्होंने ये तिहरा शतक इंग्लैंड के खिलाफ ही 2016 में लगाया था।
इंग्लैंड लायंस के खिलाफ करुण नायर (203 रन) के अलावा ध्रुव जुरेल ने 94 रन बनाए। वहीं सरफराज खान के बल्ले से 92 रन आए। नायर अभी क्रीज पर जमे हुए हैं और उनका साथ देने के लिए शार्दुल ठाकुर क्रीज पर मौजूद हैं। बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन की वजह से ही इंडिया-ए की टीम ने अभी तक 454 रन बना लिए हैं।