इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में अभी तक डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम का प्रदर्शन अच्छा देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने 4 मुकाबले खेले हैं और उसमें से तीन मैचों को अपने नाम करने में कामयाब रहे हैं। आरसीबी की इस प्रदर्शन में अनुभवी स्पिन ऑलराउंडर खिलाड़ी क्रुणाल पांड्या ने गेंद से अहम भूमिका निभाई है, जिसमें मुंबई इंडियंस के खिलाफ उनका शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। क्रुणाल इसके अलावा स्पिन गेंदबाजी में अचानक बाउंसर गेंद फेंककर बल्लेबाजों को चौंका भी रहे हैं, जिसको लेकर अब उन्होंने इसके पीछे की वजह का खुलासा भी किया है।
मैंने कभी अलग-अलग और नई चीजें आजमाने से परहेज नहीं किया
क्रुणाल पांड्या ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में अपने चार ओवर्स में सिर्फ 26 रन देने के साथ एक विकेट हासिल किया। इस मैच में मुंबई इंडियंस की टीम को बल्लेबाजी के लिए मुफीद पिच पर 241 रनों का टारगेट मिला था और क्रुणाल के इस प्रदर्शन के दम पर उनकी टीम 18 रनों से मुकाबला जीतने में कामयाब रही। इस मुकाबले के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए क्रुणाल पांड्या ने अपनी गेंदबाजी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि मैंने अपने अभी तक के करियर में अलग-अलग और नई चीजें आजमाने से परहेज नहीं किया। इम्पैक्ट प्लेयर नियम के लागू होने से पहले नंबर छह या सात पर ऑलराउंडर होते थे और बल्लेबाजी का तरीका काफी अलग था। लेकिन अब नंबर आठ पर भी बल्लेबाज आ रहे हैं। अगर आप प्रतिभा की करें तो मुकुल चौधरी और वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा खिलाड़ी पहली ही गेंद से लगातार बड़े शॉट लगा रहे हैं। ऐसे में एक गेंदबाज के रूप में आपको इसके लिए पहले से ही उनसे एक कदम आगे रहने की सोच के साथ खेलना होगा।
मैं बाउंसर गेंद को लेकर पहले से कोई प्लानिंग नहीं करता हूं
स्पिन गेंदबाज के रूप में बल्लेबाजों को बाउंसर गेंद फेंककर चौंकाने वाले क्रुणाल पांड्या ने इसको लेकर कहा कि मैं इस बाउंसर के लिए पहले से कोई प्लानिंग नहीं करता हूं कि चौथी, पांचवीं या छठी गेंद फेंकना है। कई बार में लगातार 2 बाउंसर गेंद भी फेंक सकता हूं। लोग अक्सर मेरी बाउंसर और उन गेंदों के बारे में बहुत बातें करते हैं जो देखने में काफी अलग लगती हैं। लेकिन मैंने हमेशा अपनी गेंदबाजी की बुनियादी बातों पर काम किया है। बता दें कि अब आरसीबी को इस सीजन में अपना अगला मुकाबला 15 अप्रैल को लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम के खिलाफ अपने होम ग्राउंड पर खेलना है।
ये भी पढ़ें
RR के मैनेजर फोन चलाते कैमरे में हुए थे कैद, अब BCCI ने लिया एक्शन
टिम डेविड ने ये क्या किया, अंपायर से गेंद लेकर करने लगे खेल, उड़ाई नियमों की धज्जियां