1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 6 बॉल पर 6 छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर सर गैरफील्ड सोबर्स का निधन, 89 की उम्र में ली अंतिम सांस

6 बॉल पर 6 छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर सर गैरफील्ड सोबर्स का निधन, 89 की उम्र में ली अंतिम सांस

 Written By: Hitesh Jha @HiteshjhaL58268
 Published : Jul 17, 2026 08:46 pm IST,  Updated : Jul 17, 2026 09:22 pm IST

वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर सर गैरफील्ड सोबर्स का निधन हो गया है। उनकी गिनती क्रिकेट के इतिहास का सबसे शानदार ऑलराउंडर्स में की जाती है।

Garfield Sobers- India TV Hindi
गैरी सोबर्स Image Source : AFP

क्रिकेट की दुनिया के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर सर गारफील्ड सोबर्स का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उन्हें क्रिकेट के इतिहास का सबसे शानदार ऑलराउंडर माना जाता है। उन्होंने साल 1954 से 1974 के बीच वेस्टइंडीज टीम के लिए बेहतरीन क्रिकेट खेला और अपने दम पर टीम को कई मैचों में शानदार जीत दिलाई।

टेस्ट क्रिकेट में गैरी सोबर्स का प्रदर्शन रहा था शानदार

उन्होंने अपने करियर में वेस्टइंडीज के लिए 93 टेस्ट मैच खेले और 8032 रन बनाए। इस दौरान उनका बैटिंग औसत 57.78 का रहा। इस दौरान उन्होंने 26 शतक और 30 अर्धशतक लगाए। साल 1958 में पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने नाबाद 365 रन बनाए थे, जो उस समय एक बड़ा रिकॉर्ड था। बाद में साल 1994 में उन्हीं के देश के खिलाड़ी ब्रायन लारा ने 375 रन बनाकर इस रिकॉर्ड को तोड़ा। बल्लेबाजी के साथ-साथ उन्होंने गेंदबाजी में भी कमाल किया और टेस्ट करियर में कुल 235 विकेट अपने नाम किए थे। वह अपने करियर में सिर्फ एक वनडे मैच खेलने में कामयाब रहे थे।

1954 में गैरी सोबर्स ने किया था इंटरनेशनल डेब्यू

28 जुलाई 1936 को बारबडोस के सेंट माइकल में जन्मे गैरी सोबर्स ने 1952 में पहली बार फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेलना शुरू किया। इसके बाद 1954 में उन्होंने अपना पहला इंटरनेशनल टेस्ट मैच खेला था। अगले 20 सालों तक सोबर्स ने अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी और शानदार गेंदबाजी से टेस्ट क्रिकेट की दुनिया पर राज किया। वे बाएं हाथ के बल्लेबाज थे। गेंदबाजी में वे न सिर्फ मीडियम पेस से गेंदबाजी करते थे, बल्कि जरूरत पड़ने पर स्पिन बॉलिंग भी करते थे। इसके साथ ही वे एक बेहतरीन फील्डर भी थे। इन्हीं खूबियों की वजह से उन्हें क्रिकेट इतिहास का सबसे महान ऑलराउंडर माना जाता है। उन्होंने अपने 383 फर्स्ट-क्लास मैचों में 28,000 से ज्यादा रन बनाए और 1000 से अधिक विकेट लिए। अपने करियर के आखिरी दिनों में उन्होंने साउथ ऑस्ट्रेलिया और नॉटिंघमशायर टीमों के लिए भी खेला।

6 बॉल में 6 सिक्स लगाने वाले पहले खिलाड़ी थे गैरी सोबर्स

सर सोबर्स ने 1965 से 1972 तक वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के कप्तान के रूप में भी काम किया। इस दौरान उन्होंने 39 मैचों में कप्तानी की। यही नहीं, वे दुनिया के पहले ऐसे बल्लेबाज थे जिन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट मैच में एक ही ओवर में लगातार 6 छक्के मारने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने यह कारनामा कार्डिफ में काउंटी चैंपियनशिप के एक मैच के दौरान किया था।

यह भी पढ़ें

लॉर्ड्स वनडे से पहले संकट में टीम इंडिया, स्टार ऑलराउंडर चोटिल होने के बाद मुकाबले से हुआ बाहर

इंग्लैंड के क्रिकेटर ने किया संन्यास का ऐलान, 6 साल पहले खेला था अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल