1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. T20 वर्ल्ड कप के बीच आई बड़ी खबर, टूर्नामेंट के बीच अचानक घर लौटा धाकड़ कीवी गेंदबाज

T20 वर्ल्ड कप के बीच आई बड़ी खबर, टूर्नामेंट के बीच अचानक घर लौटा धाकड़ कीवी गेंदबाज

 Written By: Vanson Soral
 Published : Feb 15, 2026 09:04 am IST,  Updated : Feb 15, 2026 09:04 am IST

T20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड की टीम अपना तीसरा ग्रुप स्टेज मुकाबला 17 फरवरी को चेन्नई में कनाडा के खिलाफ खेलेगी। इस अहम मैच से पहले धाकड़ गेंदबाज ने टीम का साथ छोड़ दिया है।

New Zealand - India TV Hindi
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम Image Source : AFP

Lockie Ferguson: ICC T20 वर्ल्ड कप के बीच न्यूजीलैंड टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन टूर्नामेंट अचानक बीच में छोड़कर स्वदेश लौट रहे हैं। फर्ग्यूसन अपनी पत्नी एम्मा के साथ अपने पहले बच्चे के जन्म के खास मौके पर परिवार के पास रहना चाहते हैं और इसी कारण वह टीम से अस्थायी रूप से अलग हो गए हैं। उनके इस फैसले का मतलब है कि वह ग्रुप डी के आखिरी मुकाबले में कनाडा के खिलाफ उपलब्ध नहीं रहेंगे। न्यूजीलैंड के लिए यह मैच महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि सुपर 8 स्टेज में प्रवेश से पहले टीम अपनी लय बरकरार रखना चाहेगी। हालांकि टीम मैनेजमेंट ने साफ कर दिया है कि यह फर्ग्यूसन का व्यक्तिगत और बेहद खास पारिवारिक समय है, ऐसे में उनके फैसले का पूरा सम्मान किया गया है। 

रिप्लेसमेंट का नहीं होगा ऐलान

मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने फर्ग्यूसन के इस कदम का समर्थन करते हुए कहा कि यह लॉकी और एम्मा के लिए बेहद उत्साहजनक और भावुक पल है और टीम खुश है कि वह इस महत्वपूर्ण अवसर पर अपने परिवार के साथ रह पाएंगे। कोच ने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल टीम में किसी नए खिलाड़ी को शामिल नहीं किया जाएगा, क्योंकि योजना यही है कि फर्ग्यूसन सुपर 8 चरण से पहले टीम से दोबारा जुड़ जाएंगे। हालांकि एहतियात के तौर पर ट्रैवलिंग रिजर्व खिलाड़ी बेन सियर्स और कोल मैककॉन्ची टीम के साथ मौजूद हैं और जरूरत पड़ने पर उन्हें मुख्य स्क्वॉड में शामिल किया जा सकता है।

ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच पर टिकी निगाहें

न्यूजीलैंड की टीम 17 फरवरी को चेन्नई में कनाडा के खिलाफ अपना अगला मुकाबला खेलेगी और यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह 11:00 बजे शुरू होगा। फर्ग्यूसन की गैरमौजूदगी निश्चित तौर पर गेंदबाजी आक्रमण पर असर डाल सकती है, लेकिन टीम मैनेजमेंट को भरोसा है कि बाकी गेंदबाज जिम्मेदारी संभाल लेंगे। अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि न्यूजीलैंड टीम इस अहम मुकाबले में कैसा प्रदर्शन करती है और क्या फर्ग्यूसन सुपर 8 चरण में वापसी कर फिर से गेंद से कमाल दिखा पाएंगे।

T20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड का स्क्वॉड: मिचेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, टिम सीफर्ट, ईश सोढ़ी, काइल जैमीसन। ट्रेवलिंग रिजर्व- बेन सियर्स और कोल मैककॉन्ची।

यह भी पढ़ें:

IND vs PAK: कोलंबो से पहले बैंकॉक में भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान, जानिए कब और कैसे देख पाएंगे LIVE

IND vs PAK: भारत-पाकिस्तान मुकाबले में बारिश बनेगी विलेन? सामने आई कोलंबो की वेदर रिपोर्ट

 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल