क्रिकेट के मैदान पर अपने शांत स्वभाव और मैच के तनावपूर्ण पलों में भी धैर्य बनाए रखने के लिए मशहूर महेंद्र सिंह धोनी को पूरी दुनिया 'कैप्टन कूल' के नाम से जानती है। धोनी ने इस उपाधि को सिर्फ फैंस के दिलों में ही नहीं, बल्कि अब कानूनी रूप से भी अपने नाम करने की तैयारी कर ली है। जी हां, अब ‘कैप्टन कूल’ आधिकारिक तौर पर महेंद्र सिंह धोनी से जुड़ने जा रहा है, क्योंकि उन्होंने इस नाम को अपने लिए ट्रेडमार्क कराने की अर्जी दायर की है ।
दरअसल, महेंद्र सिंह धोनी ने कुछ समय पहले 'कैप्टन कूल' नाम को ट्रेडमार्क कराने के लिए आवेदन किया था। धोनी का आवेदन अगर स्वीकार कर लिया जाता है, तो कैप्टन कूल कानूनी रूप से धोनी के नाम से जुड़ जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो धोनी इस ट्रेडमार्क का इस्तेमाल खास तौर पर अपने ट्रेनिंग और कोचिंग सेंटर के लिए करना चाहते हैं। धोनी को कैप्टन कूल का ट्रेडमार्क मिलते ही इस नाम का कोई भी व्यक्ति या संस्था कमर्शियल या प्रोफेशनल काम के लिए इस्तेमाल नहीं कर सकेगी।
धोनी और ‘कैप्टन कूल’ की कहानी
गौरतलब है कि महेंद्र सिंह धोनी को ‘कैप्टन कूल’ का खिताब उनकी कप्तानी के दिनों में मिला था। चाहे 2007 T20 वर्ल्ड कप का फाइनल हो या 2011 वनडे वर्ल्ड कप का वह ऐतिहासिक मुकाबला, धोनी ने हमेशा मुश्किल समय में धैर्य और सूझबूझ से टीम को जीत दिलाई। विकेट के पीछे से मैदान के हर हिस्से पर नजर रखने वाले धोनी ने कई बार अपनी चतुराई और शांत स्वभाव से मैच की तस्वीर बदल दी। इसी वजह से उन्हें ‘कैप्टन कूल’ कहा जाने लगा, और अब वही पहचान उनका ट्रेडमार्क बन चुकी है।
IPL में लगातार खेल रहे धोनी
43 साल के महेंद्र सिंह धोनी ने साल 2019 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। हालांकि, IPL में वह अब भी एक्टिव हैं और लगातार खेल रहे हैं। IPL 2025 में धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स कुछ खास नहीं कर पाई थी और सबसे निचले पायदान पर रही थी। धोनी के अगले सीजन भी खेलेने की उम्मीद जताई जा रही है।