1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. MS Dhoni Birthday: एमएस धोनी के पांच बड़े रिकॉर्ड जिसे तोड़ पाना किसी के लिए भी होगा बेहद मुश्किल

MS Dhoni Birthday: एमएस धोनी के पांच बड़े रिकॉर्ड जिसे तोड़ पाना किसी के लिए भी होगा बेहद मुश्किल

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jul 07, 2025 07:02 am IST,  Updated : Jul 07, 2025 07:02 am IST

कैप्टन कूल के नाम से मशहूर धोनी ने अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को कई यादगार पल दिए हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने तीनों आईसीसी ट्रॉफी अपने नाम की है।

MS Dhoni- India TV Hindi
एमएस धोनी Image Source : GETTY

टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज कप्तान एमएस धोनी आज अपना  44वां जन्मदिन मना रहे हैं। एमएस धोनी की कप्तानी में भारत ने तीनों ICC ट्रॉफी अपने नाम किया है। भारतीय टीम ने सबसे पहले 2007 में उनकी कप्तानी में टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता। उसके बाद टीम इंडिया ने 2011 में वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था, वहीं 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने में सफल रहे थे। इस बीच हम आपको धोनी के उन पांच रिकॉर्ड के बारे में बताएंगे जिन्हें तोड़ना किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान नहीं रहने वाला है।

एमएस धोनी के पांच बड़े रिकॉर्ड

एमएस धोनी की गिनती भारत के सबसे सफल कप्तानों में की जाती है। धोनी तीनों आईसीसी ट्रॉफी (टी-20 वर्ल्ड कप, वनडे वर्ल्ड कप, चैंपियंस ट्रॉफी) जीतने वाले एकमात्र कप्तान हैं। उनके इस रिकॉर्ड को तोड़ पाना किसी भी खिलाड़ी के लिए बिल्कुल भी आसान नहीं होने वाला है।

एमएस धोनी के विकेटकीपिंग स्किल की पूरी दुनिया फैन है। वह बिजली की रफ्तार से स्टंपिंग करने के लिए जाने जाते हैं। माही के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा स्टंपिंग का रिकॉर्ड है। माही ने इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा 192 बार खिलाड़ियों को स्टंप आउट किया है। धोनी के नाम टेस्ट में 38, वनडे में 120 और टी-20 में 34 बार स्टंप आउट किया है।

महेंद्र सिंह धोनी के नाम भारत के लिए सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी करने का रिकॉर्ड है। उन्होंने टीम इंडिया के लिए 60 टेस्ट, 200 वनडे और 72 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में कप्तानी की है। टेस्ट में उन्होंने कप्तान के तौर पर 27, वनडे में 110 और 41 T20I में 141 मैच जीते हैं। इसके साथ ही उनकी गिनती आईपीएल के सबसे सफल कप्तानों में की जाती है। उन्होंने अपनी कप्तानी में CSK को पांच बार चैंपियन बनाया है।

एमएस धोनी के नाम विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर सबसे बड़ा हाईएस्ट स्कोर बनाने का रिकॉर्ड है। उन्होंने 31 अक्टूबर 2005 में श्रीलंका के खिलाफ जयपुर में नाबाद 183 की शानदार पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने 15 चौके और 10 छक्के लगाए थे। इससे पहले ये रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट के नाम था। उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ 2004 में 172 रन बनाए थे।

आपको बता दें कि धोनी दुनिया के एकलौते ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने वनडे में सातवें नंबर पर बैटिंग करते हुए शतक लगाया हो। उन्होंने यह शतक दिसंबर 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ जड़ा था। पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने उस मैच में 113 रनों की पारी खेली थी।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल