AUS vs WI: ऑस्ट्रेलिया की टीम इस समय वेस्टइंडीज में है और पहला टेस्ट मैच जीतकर सीरीज में 1-0 से आगे है। दूसरा टेस्ट मैच 3 जुलाई से ग्रेनाडा में खेला जाएगा, जहां मेहमान ऑस्ट्रेलिया की कोशिश 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में अपनी बढ़त को दोगुना करने की होगी। इस दौरे पर नाथन लियोन भी ऑस्ट्रेलियन टीम का हिस्सा हैं और पहले टेस्ट की दोनों पारियों में 3 विकेट निकालने में कामयाब रहे। अब उनकी नजरें दूसरे टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन करने पर लगी हैं। इस बीच नाथन लियोन का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने अपने रिटायरमेंट और विदेशी धरती पर ज्यादा से ज्यादा टेस्ट सीरीज जीतने की ख्वाहिश जाहिर की है।
भारत में सीरीज जीतना सपना
नाथन लियोन ने कहा है कि निकट भविष्य में उनका संन्यास का कोई इरादा नहीं है और वह इससे पहले भारत में एक टेस्ट सीरीज जीतना चाहते हैं। आस्ट्रेलिया ने 2004-05 के बाद भारत को उसकी धरती पर नहीं हराया है। लियोन ने ‘क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू’ से कहा कि वह भारत में टेस्ट सीरीज जीतना चाहते हैं। इंग्लैंड में भी सीरीज जीतना चाहते हैं। हमारे पास यह मौका होगा लेकिन हमें टेस्ट दर टेस्ट रणनीति बनानी होगी। हमें पहले यहां वेस्टइंडीज में शानदार प्रदर्शन करना है। इसके बाद एशेज खेलनी है। उनकी नजरें एक और वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल पर भी है।
सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट चटकाने वाले एक्टिव गेंदबाज
गौरतलब है कि 37 साल स्पिनर नाथन लियोन ने ऑस्ट्रेलिया के लिये 138 टेस्ट मैच खेले हैं और 556 विकेट अपने नाम किए हैं। लियोन टेस्ट क्रिकेट में 7वें सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज हैं। शेन वॉर्न और ग्लेन मैक्ग्रा के बाद वह तीसरे सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज हैं। यही नहीं, नाथन सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट चटकाने वाले एक्टिव गेंदबाज भी हैं। भारत के खिलाफ उन्होंने 32 टेस्ट खेलकर 130 विकेट चटकाए हैं। हालांकि, भारत में टेस्ट सीरीज जीतने का उनका सपना अब तक अधूरा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि उनका यह सपना पूरा हो पाता है या नहीं।
(PTI Inputs)