1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया को घर में फिर मिली करारी शिकस्त, न्यूजीलैंड ने पहली बार भारत की धरती पर जीती ODI सीरीज

टीम इंडिया को घर में फिर मिली करारी शिकस्त, न्यूजीलैंड ने पहली बार भारत की धरती पर जीती ODI सीरीज

 Written By: Vanson Soral
 Published : Jan 18, 2026 09:31 pm IST,  Updated : Jan 18, 2026 09:47 pm IST

IND vs NZ: न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने भारत को हराकर नया कीर्तिमान रच दिया है। न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ 3 मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली है।

IND vs NZ- India TV Hindi
भारत बनाम न्यूजीलैंड Image Source : PTI

IND vs NZ, 3rd ODI: न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने भारत की धरती पर नया इतिहास रच दिया है। इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए तीसरे ODI मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को हराकर 3 मैचों की ODI सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली है। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 8 विकेट खोकर 337 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में टीम इंडिया विराट कोहली के शतक के बावजूद 296 रन बना सकी। इस तरह न्यूजीलैंड ने 41 रनों से मुकाबला अपने नाम करते हुए वो कर दिखाया, जो पहले कभी भारत में नहीं हुआ था।

भारत में पहली बार जीती ODI सीरीज

दरअसल, न्यूजीलैंड ने भारत में पहली बार द्विपक्षीय ODI सीरीज जीतने का कारनामा कर दिया है। लगातार 7 सीरीज हारने के बाद न्यूजीलैंड की टीम भारत में सीरीज जीतने में सफल रही। बता दें, इससे पहले न्यूजीलैंड की टीम कभी भी भारत में ODI सीरीज नहीं जीत पाई थी। न्यूजीलैंड की टीम ने पहली बार साल 1988-89 में ODI सीरीज के लिए भारत का दौरा किया था। तब से न्यूजीलैंड की टीम ने 7 बार द्विपक्षीय ODI सीरीज खेलने के लिए भारत का दौरा किया लेकिन कभी सीरीज नहीं जीत पाई। अब 8वीं सीरीज में जाकर न्यूजीलैंड को सफलता हासिल हुई है।

न्यूजीलैंड की टीम 14 महीने के भीतर भारत को भारतीय सरजमीं पर सीरीज हराने में कामयाब हुई है। इससे पहले न्यूजीलैंड ने नवंबर 2024 में भारतीय सरजमीं पर टीम इंडिया का 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में 3-0 से सूपड़ा साफ किया था। तब न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया के घर में पहली बार टेस्ट सीरीज अपने नाम की थी। अब कीवी टीम ने पहली ODI सीरीज जीतते ही नया इतिहास रच दिया है। बता दें, 7 ODI मैच जीतने के बाद इंदौर में भारत की यह पहली हार है। वहीं, अक्टूबर 2022 के बाद यह पहली बार है, जब लगातार 13 मैच जीतने के बाद भारत टॉस जीतकर घर पर कोई ODI मैच हारा है।

विराट कोहली ने बनाए 124 रन

तीसरे ODI मैच की बात की जाए तो भारतीय टीम 338 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई और 46वें ओवर में ऑलआउट हो गई। विराट कोहली ने शानदार शतकीय पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई मदद नहीं मिल सकी। हर्षित राणा ने कोहली का साथ देने की कोशिश की लेकिन वो भी 44वें ओवर में अर्धशतक बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद भारतीय टीम 300 रन से पहले ही ढेर हो गई। विराट कोहली ने 108 गेंदों पर 10 चौके और 3 छक्कों की बदौलत 124 रन बनाए। न्यूजीलैंड के लिए जैकरी फॉउल्क्स और क्रिस्चियन क्लार्क ने 3-3 विकेट झटके। जेडेन लेनोक्स को 2 विकेट मिले। काइल जैमीसन के हाथ एक सफलता लगी।

यह भी पढ़ें

कीवी बल्लेबाज का बड़ा करिश्मा, भारत की धरती पर ऐसा करने वाले बने दुनिया के पहले बल्लेबाज

3 मैच में 3 विकेट; इस कीवी बल्लेबाज के लिए सिर दर्द बन गए हैं हर्षित राणा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल