1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 29 की उम्र में इस धाकड़ खिलाड़ी ने लिया इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास, क्रिकेट जगत हुआ हैरान

29 की उम्र में इस धाकड़ खिलाड़ी ने लिया इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास, क्रिकेट जगत हुआ हैरान

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jun 10, 2025 06:47 am IST,  Updated : Jun 10, 2025 07:27 am IST

निकोलस पूरन ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अपने संन्यास की घोषणा की। उन्होंने 61 वनडे और 106 टी-20 मैचों में वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व किया।

Nicholas Pooran- India TV Hindi
निकोलस पूरन Image Source : INDIA TV

Nicholas Pooran Retirement: वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज निकोलस पूरन ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। उन्होंने महज 29 की उम्र में संन्यास लेकर पूरे क्रिकेट जगत को चौंका दिया। पूरन ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए संन्यास की खबर फैंस के साथ शेयर की। आपको बता दें कि पूरन वेस्टइंडीज की व्हाइट बॉल टीम का अहम हिस्सा थे। वेस्टइंडीज के लिए उन्होंने आखिरी वनडे मैच श्रीलंका के खिलाफ जुलाई 2023 में खेला था। वहीं आखिरी टी-20 इंटरनेशनल मैच उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ दिसंबर 2024 में खेला था।

इंस्टाग्राम पोस्ट में निकोलस पूरन ने क्या लिखा?

अपने संन्यास की खबर शेयर करते हुए निकोलस पूरन ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि काफी सोच-विचार के बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। पूरन कुछ समय पहले तक टी20 अंतरराष्ट्रीय में वेस्टइंडीज के कप्तान थे, लेकिन अगले टी20 वर्ल्ड कप से पहले उन्होंने रिटायरमेंट का ऐलान करके सभी को हैरान कर दिया। उनके संन्यास लेने से जाहिर तौर पर वेस्टइंडीज की टीम को एक बड़ा झटका लगा होगा।

पूरन ने अपने पोस्ट में आगे लिखा कि यह खेल जिससे वह प्यार करते हैं, उसने उन्हें बहुत कुछ दिया है और देता रहेगा। खुशी, उद्देश्य, अविस्मरणीय यादें और वेस्टइंडीज टीम का प्रतिनिधित्व करने का मौका। मैरून रंग की जर्सी पहनना, राष्ट्रगान के लिए खड़ा होना और हर बार मैदान पर कदम रखते ही अपना सबकुछ देना...शब्दों में बयां करना मुश्किल है कि यह उनके लिए वास्तव में क्या मायने रखता है। कप्तान के रूप में टीम का नेतृत्व करना एक ऐसा सम्मान है, जिसे वह हमेशा अपने दिल के करीब रखेंगे।

इंटरनेशनल क्रिकेट में निकोलस पूरन के आंकड़े

निकोलस पूरन के इंटरनेशनल करियर की बात करें तो उन्होंने वेस्टइंडीज के लिए 61 वनडे और 106 टी-20 मैच खेले। 61 वनडे मैचों में उन्होंने 39.66 के औसत और 99.15 के स्ट्राइक रेट से 1983 रन बनाए। इस फॉर्मेट में उन्होंने 11 अर्धशतक और 3 शतक लगाए। वहीं टी-20 इंटरनेशनल की बात करें तो वहां उन्होंने 106 मैचों की 97 पारियों में 136.39 के स्ट्राइक रेट से 2275 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 13 अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली। पूरन को अपने इंटरनेशनल करियर के दौरान कभी भी टेस्ट मैच खेलने का मौका नहीं मिला। इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अब वह दुनिया भर के टी-20 लीग में खेलते हुए नजर आएंगे।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल