Paris Olympics 2024 Indian Hockey Team: भारतीय हॉकी टीम ने साल 2020 के टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक अपने नाम किया था। सालों बाद भारत ने अपने सबसे पुराने खेल में ओलंपिक पदक जीतने में कामयाबी हासिल की थी। तब से लेकर अब तक हॉकी टीम का प्रदर्शन काफी बेहतरीन रहा है। इस बार भी हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारत को मेडल की उम्मीद है। हालांकि इस बार मेडल का रंग बदला हुआ चाहिए। वो सिल्वर या गोल्ड हो सकता है। भारतीय मेंस हॉकी टीम की बात करें तो उसका अभियान 27 जुलाई से शुरू होगा। भारत को ग्रुप बी में रखा गया है, जहां पहले से ही कई मजबूत और धाकड़ टीमें हैं। ऐसे में ये राह आसान तो कतई नहीं होने वाली।
पेरिस में भारतीय पुरुष हॉकी टीम लगातार दूसरे ओलंपिक पदक के लिए मैदान में उतरेगी। भारत 27 जुलाई को अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड से भिड़ेगा। यह मैच भारतीय समयानुसार रात 9 बजे से खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने अपनी और टीम की तैयारियों पर भरोसा जताया। न्यूजीलैंड के बारे में बात करते हुए भारतीय कप्तान ने कहा कि भारत के लिए वो एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी रहे हैं।
हरमनप्रीत सिंह ने कहा कि हमने हमेशा न्यूजीलैंड को एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी के रूप में देखा है और अपनी टीम ब्रीफ के दौरान इस पर विस्तार से चर्चा की है। उनके खिलाफ विश्व कप मैच की याद दिलाना अच्छा है, इसलिए हम जानते हैं कि हम मैच के किसी भी बिंदु पर गति नहीं खो सकते हैं। हमारे लिए अच्छी शुरुआत करना और खेल के दौरान दबाव बनाए रखना महत्वपूर्ण है।
पेरिस पहुंचने से पहले यूरोप में भारतीय टीम ने स्विट्जरलैंड में 3-दिवसीय मानसिक कंडीशनिंग शिविर में भाग लिया है। साथ ही मलेशिया, नीदरलैंड, जर्मनी और ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ हाई-ऑक्टेन अभ्यास मैच खेले हैं, जिसका फायदा उन्हें ओलंपिक के मंच पर मिलने की पूरी उम्मीद है। कप्तान ने कहा कि पेरिस पहुंचने से पहले हमने कुछ बहुत अच्छे अभ्यास मैच खेले और स्विट्जरलैंड में एक टीम के रूप में अनुभव कुछ अनोखा था, जो हमने पहले कभी नहीं किया। हम अपने अभियान की शुरुआत करने के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से अच्छी स्थिति में हैं।
भारत को ओलंपिक चैंपियन बेल्जियम, अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड और न्यूजीलैंड के साथ एक ग्रुप में रखा गया है। भारत को अगर ओलंपिक के इतिहास में सबसे सफल पुरुष हॉकी टीम के रूप में अपना दबदबा कायम रखना है तो उसे अपने खेल में बेहतरीन खेल दिखाना होगा। वैसे भी टीम के सीनियर खिलाड़ियों में से एक पीआर श्रीजेश ने कहा है कि ये उनका अंतिम ओलंपिक होगा। ऐसे में टीम पूरी कोशिश करेगी कि इस बार भी हॉकी में मेडल को हासिल किया जाए, ताकि भारतीय हॉकी फिर से उसी तरह अपनी छाप छोड़ने में कामयाब रहे, जैसी एक जमाने में हुआ करती थी।
गोलकीपर: पीआर श्रीजेश
डिफेंडर: जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, हरमनप्रीत सिंह, सुमित, संजय
मिडफील्डर: राजकुमार पाल, शमशेर सिंह, मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद
फॉरवर्ड: अभिषेक, सुखजीत सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, मंदीप सिंह, गुरजंत सिंह
वैकल्पिक खिलाड़ी: नीलकांत शर्मा, जुगराज सिंह, कृष्ण बहादुर पाठक
भारत बनाम न्यूजीलैंड : 27 जुलाई (रात 9 बजे IST)
भारत बनाम अर्जेंटीना : 29 जुलाई (शाम 4:15 बजे IST)
भारत बनाम आयरलैंड : 30 जुलाई (शाम 4:45 बजे IST)
भारत बनाम बेल्जियम : 1 अगस्त (दोपहर 1:30 बजे IST)
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया : 2 अगस्त (शाम 4:45 बजे IST)
ग्रुप ए : नीदरलैंड, जर्मनी, ग्रेट ब्रिटेन, स्पेन, फ्रांस, दक्षिण अफ्रीका
ग्रुप बी : बेल्जियम, भारत, ऑस्ट्रेलिया, अर्जेंटीना, न्यूजीलैंड, आयरलैंड
यह भी पढ़ें
Asia Cup 2024: बांग्लादेश को पीटकर टीम इंडिया की फाइनल में एंट्री, अब पाकिस्तान से होगा मुकाबला!
संपादक की पसंद