PBKS vs CSK: आईपीएल 2024 का 53वां मुकाबला पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 9 विकेट के नुकसान पर 167 रनों का स्कोर बनाया था। इस मैच में चेन्नई की पारी में रवींद्र जडेजा ने जहां 43 रन बनाए तो वहीं कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने 32 जबकि डेरिल मिचेल के बल्ले से 30 रनों की पारी देखने को मिली। पंजाब की तरफ से गेंदबाजी में राहुल चाहर और हर्षल पटेल ने 3-3 विकेट हासिल किए। पंजाब की टीम जब इस टारगेट का पीछा करने उतरी तो उनकी शुरुआत बिल्कुल भी अच्छी नहीं देखने को मिली जिसमें उन्होंने 9 के स्कोर पर ही 2 विकेट गंवा दिए थे।
यहां से शशांक सिंह और आशुतोष शर्मा के बीच तीसरे विकेट के लिए जरूर एक छोटी साझेदारी देखने को मिली लेकिन 62 के स्कोर पर तीसरा झटका लगने के साथ पंजाब की टीम को इस मैच में वापसी का मौका नहीं मिला। पंजाब की टीम इस मैच में 139 के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हो सकी। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के लिए गेंदबाजी में जहां रवींद्र जडेजा ने 3 तो वहीं तुषार देशपांडे और सिमरजीत सिंह ने 2-2 विकेट हासिल किए। चेन्नई की टीम ने इस मुकाबले को 28 रनों से अपने नाम किया।