1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. हो गया बड़ा ऐलान, राहुल द्रविड़ के बाद राजस्थान रॉयल्स ने इस दिग्गज खिलाड़ी को बनाया हेड कोच

हो गया बड़ा ऐलान, राहुल द्रविड़ के बाद राजस्थान रॉयल्स ने इस दिग्गज खिलाड़ी को बनाया हेड कोच

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Nov 17, 2025 11:47 am IST,  Updated : Nov 17, 2025 11:47 am IST

कुमार संगकारा ने 2021 से 2024 तक राजस्थान रॉयल्स के साथ हेड कोच के तौर पर काम किया है। उनको पिछले साल राजस्थान रॉयल्स का डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट नियुक्त किया गया था।

Kumar Sangakkara- India TV Hindi
कुमार संगकारा Image Source : PTI

श्रीलंका के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार संगकारा अब राजस्थान रॉयल्स में एक और बड़ी जिम्मेदारी संभालते हुए नजर आएंगे। उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के आगामी संस्करण के लिए राजस्थान रॉयल्स का हेड कोच नियुक्त किया गया है। राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2025 से पहले संगकारा को फ्रेंचाइजी का डायरेक्टर ऑफ़ क्रिकेट नियुक्त किया था। संगकारा अब हेड कोच के रूप में राहुल द्रविड़ की जगह लेंगे और टीम को दूसरी बार आईपीएल खिताब दिलाने की कोशिश करेंगे।

पहले भी राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच रह चुके हैं कुमार संगकारा

48 वर्षीय संगकारा इससे पहले 2021 से 2024 तक रॉयल्स के हेड कोच रह चुके हैं और 2025 के संस्करण के लिए द्रविड़ को टीम का हेड कोच नियुक्त किया गया था। हालांकि, टूर्नामेंट के पिछले संस्करण के समापन के बाद, द्रविड़ ने हेड कोच के पद से इस्तीफा दे दिया था। द्रविड़ के नेतृत्व में, राजस्थान रॉयल्स आईपीएल 2025 में अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही। टीम 14 मैचों में से सिर्फ 4 में जीत दर्ज कर पाई थी।

हेड कोच बनने के बाद कुमार संगकारा ने क्या कहा?

हेड कोच बनने के बाद कुमार संगकारा ने कहा कि हेड कोच के पद पर वापस आकर मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं इस टैलेंटेड ग्रुप के साथ काम करना जारी रखूंगा। हमारे पास एक मजबूत कोचिंग टीम है। विक्रम, ट्रेवर, शेन और सिड सभी के पास अपने अपने एरिया का अच्छा अनुभव है। ऐसे में हम खिलाड़ियों को बेस्ट तरीके से तैयार करेंगे। हमें पता है कि हमें क्या करना है। हम एक मजबूत टीम बनाना चाहते हैं। संगकारा की बात करें तो, उनके नेतृत्व में, फ्रेंचाइजी 2022 के फाइनल में पहुंचने में कामयाब रही थी और 2024 के संस्करण में प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया था। अब आगामी आईपीएल सीजन में भी राजस्थान रॉयल्स की टीम इसी प्रदर्शन को दोहराना चाहेगी।

राजस्थान को है नए कप्तान की तलाश

आपको बता दें कि संजू सैमसन के चेन्नई सुपर किंग्स में जाने के बाद से राजस्थान रॉयल्स की टीम को अब नए कप्तान की तलाश है। कुमार संगकारा के सामने सबसे बड़ी चुनौती नए कप्तान का तलाश करने का होगा। टीम में यशस्वी जायसवाल, रियान पराग, ध्रुव जुरेल जैसे खिलाड़ी हैं वहीं अब रवींद्र जडेजा भी टीम का हिस्सा बन गए हैं। लेकिन अब देखना ये होगा कि फ्रेंचाइजी किस खिलाड़ी पर भरोसा जताती है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल