1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ऋषभ पंत की बल्लेबाजी में उड़ा बेन स्टोक्स का रिकॉर्ड, विदेशी धरती पर रचा नया इतिहास

ऋषभ पंत की बल्लेबाजी में उड़ा बेन स्टोक्स का रिकॉर्ड, विदेशी धरती पर रचा नया इतिहास

 Published : Jul 05, 2025 08:08 pm IST,  Updated : Jul 06, 2025 02:41 am IST

इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में ऋषभ पंत ने अर्धशतक जड़ा और अपनी पारी में तीन छक्के लगाए। इसी के साथ उन्होंने बड़ा मुकाम हासिल कर लिया।

ben stokes and rishabh pant- India TV Hindi
बेन स्टोक्स और ऋषभ पंत Image Source : GETTY

भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत तेजी के साथ रन बनाने के लिए जाने जाते हैं। एक बार वह क्रीज पर टिक गए, तो उन्हें आउट करना मुश्किल हो जाता है। इंग्लैंड दौरे पर भी पंत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। पहले टेस्ट मैच में, जहां उन्होंने दोनों पारियों में शतक लगाए थे। अब दूसरे टेस्ट मैच में उन्होंने अर्धशतक जड़ा है।

बेन स्टोक्स को छोड़ा पीछे

इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में ऋषभ पंत के बल्ले से सिर्फ 25 रन निकले थे। लेकिन दूसरी पारी में उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी की है। उन्होंने 58 गेंदों में 65 रन बनाए हैं, जिसमें 8 चौके और तीन छक्के लगाए हैं। इसी के साथ वह टेस्ट में किसी देश में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले विदेशी बल्लेबाज बन गए। उन्होंने बेन स्टोक्स का रिकॉर्ड तोड़ा है। पंत ने इंग्लैंड की धरती पर अभी तक कुल 24 छक्के लगाए हैं। वहीं स्टोक्स ने साउथ अफ्रीका में 21 टेस्ट छक्के लगाए थे। अब वह दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं। जबकि पंत पहले नंबर पर पहुंच गए हैं।

टेस्ट में किसी एक देश में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले विदेशी बल्लेबाज :

  • 24 - ऋषभ पंत, इंग्लैंड
  • 21 - बेन स्टोक्स, दक्षिण अफ्रीका
  • 19 - मैथ्यू हेडन, भारत
  • 16 - हैरी ब्रूक, न्यूजीलैंड
  • 16 - विवियन रिचर्ड्स, इंग्लैंड

इंग्लैंड की धरती पर लगा चुके हैं 24 शतक

ऋषभ पंत ने अभी तक इंग्लैंड की धरती पर कुल 11 टेस्ट मुकाबले खेले हैं, जिसमें से उन्होंने 898 रन बनाए हैं। इसके अलावा चार शतक और तीन अर्धशतक भी जड़े हैं। इंग्लैंड में उन्होंने 24 छक्के लगाए हैं। वह इंग्लैंड की धरती पर सबसे ज्यादा टेस्ट छक्के जड़ने वाले विदेशी बल्लेबाज भी हैं।

भारतीय टीम के लिए बना चुके 3000 से ज्यादा रन

ऋषभ पंत ने भारतीय टीम के लिए साल 2018 में टेस्ट में डेब्यू किया था। इसके बाद से ही उन्होंने टीम के लिए 45 टेस्ट मैचों में कुल 3290 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 8 शतक और 16 अर्धशतक निकले हैं।

भारतीय टीम ने मैच में कसा शिकंजा

इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 587 रन बनाए थे। इसके बाद इंग्लैंड की पूरी टीम सिर्फ 407 रन ही बना पाई। इस तरह से पहली पारी के आधार पर टीम इंडिया को 180 रनों की बढ़त मिल गई। दूसरी पारी में अब भारतीय टीम ने 281 रन बना लिए हैं और उसकी कुल बढ़त 461 रनों की हो गई है। इस तरह से भारत ने मैच में शिकंजा कस दिया है।

यह भी पढ़ें:

शुभमन गिल का प्रचंड फॉर्म जारी, जड़े बैक टू बैक शतक, तोड़ा सुनील गावस्कर का कीर्तिमान

Indian Team: भारतीय क्रिकेट टीम का दौरा हुआ रिशेड्यूल, BCCI ने अचानक किया बड़ा ऐलान

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल