1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. रोहित शर्मा ने बुमराह को लेकर दिया बड़ा अपडेट, कहा आयरलैंड सीरीज में...

रोहित शर्मा ने बुमराह को लेकर दिया बड़ा अपडेट, कहा आयरलैंड सीरीज में...

 Written By: Rishikesh Singh
 Published : Jul 27, 2023 01:14 pm IST,  Updated : Jul 27, 2023 01:14 pm IST

भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने जसप्रीत बुमराह की इंजरी को लेकर सबसे बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने बताया है कि बुमराह कब तक टीम इंडिया में वापसी कर सकते हैं।

Rohit Sharma, Jaspreet Bumrah- India TV Hindi
रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह Image Source : GETTY

भारतीय क्रिकेट टीम इस वक्त वेस्टइंडीज के दौरे पर है। जहां टीम इंडिया तीन मैचों वनडे सीरीज खेलने जा रही है। इस सीरीज से पहले टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने प्रेस कॉफ्रेंस में हिस्सा लिया। जहां उन्होंने टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर कई बातें कही। बुमराह इस वक्त इंजरी के कारण टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। वह एनसीए में अपनी इंजरी पर काम कर रहे हैं और जल्द टीम इंडिया में वापसी कर सकते हैं। हालांकि कप्तान रोहित शर्मा ने संकेत दिए हैं कि जसप्रीत बुमराह की मैदान पर वापसी तुरंत नहीं होने जा रही, लेकिन वर्ल्ड कप से पहले वह उन्हें टीम इंडिया में देखना चाहते हैं।

बुमराह की वापसी पर क्या बोले रोहित शर्मा

रोहित ने बुमराह की रिकवरी के बारे में कहा कि अभी सब कुछ सकारात्मक लग रहा है। उन्होंने हालांकि कहा कि वह इसकी गारंटी नहीं दे सकते कि बुमराह आयरलैंड में टी20 सीरीज खेलेंगे या फिर नहीं। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे से पहले प्रेस कॉफ्रेंस में उन्होंने कहा कि ‘‘बुमराह के पास अपार अनुभव है। वह गंभीर इंजरी के बाद वापसी कर रहे हैं और मुझे नहीं पता कि वह आयरलैंड जाएंगे या नहीं क्योंकि अभी टीम का ऐलान नहीं हुआ है।’’ उन्होंने कहा कि ‘‘वह खेल पाते है तो अच्छा है। हमें उम्मीद है कि वह वर्ल्ड कप से पहले खेले। गंभीर इंजरी के बाद वापसी करने पर मैच फिटनेस, मैच का अनुभव काफी अहम होता है। हम देखेंगे कि क्या योजना है क्योंकि सब कुछ उसकी रिकवरी पर निर्भर है। अभी सब सकारात्मक लग रहा है।’’ 

रोहित ने बताया प्लान

बुमराह ने मार्च में अपनी पीठ की इंजरी के कारण सर्जरी कराई थी। उसके बाद से वह रिकवरी में जुटे हैं। उन्होंने भारत के लिए आखिरी मैच पिछले साल सितंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 खेला था। आयरलैंड में सीरीज के बाद भारत को श्रीलंका और पाकिस्तान में होने वाला एशिया कप खेलना है। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू वनडे सीरीज खेली जाएगी। आयरलैंड सीरीज और एशिया कप नहीं खेलने पर बुमराह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज खेले सकते हैं जो वर्ल्ड कप से ठीक पहले होनी है। रोहित ने कहा कि ‘‘हमारी टीम के कई खिलाड़ी चोटिल हैं लेकिन हम देखेंगे कि वर्ल्ड कप में कौन खेलेगा और उन्हें पूरा मैच अभ्यास देंगे। हमें 15-20 खिलाड़ियों का पूल बनाना होगा क्योंकि कोई भी चोटिल हो सकता है।’’ रोहित के इन बातों से ये लग रहा है कि वह टीम नें हो रही लगातार इंजरी के काफी परेशान हैं और वह इसे लेकर आगे के प्लान बना रहे हैं। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल