आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच में सुपर-8 का अहम मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने एक समय 83 के स्कोर तक अपने 7 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बावजूद वह 20 ओवर्स में 176 रनों के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रहे। वेस्टइंडीज को यहां तक पहुंचाने में रोमारियो शेफर्ड और जेसन होल्डर की जोड़ी ने अहम भूमिका अदा की, जिसमें दोनों के बीच में 8वें विकेट के लिए रिकॉर्ड 89 रनों की बेहतरीन साझेदारी हुई, जिसके दम पर इन दोनों ही खिलाड़ियों ने मिलकर टी20 इंटरनेशनल में एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में एक समय अफ्रीकी टीम की पारी काफी जल्दी सिमटते हुए नजर आ रही थी, लेकिन होल्डर ने 49 और रोमारियो शेफर्ड ने 52 रनों की बेहतरीन पारी खेलने के साथ टीम को इस मैच में एक लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। दोनों के बीच 8वें विकेट के लिए हुई 89 रनों की साझेदारी ने टी20 इंटरनेशनल में 11 साल पुराना एक बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इस मैच से पहले टी20 इंटरनेशनल में 8वें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी स्कॉटलैंड के प्रेस्टन मोमसेन और सफयान शरीफ के नाम पर था, जिसमें दोनों ने साल 2015 में नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच में 80 रनों की साझेदारी की थी। वहीं अब जेसन होल्डर और रोमारियो शेफर्ड ने मिलकर उनके इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
टी20 इंटरनेशनल में 8वें या उससे नीचे के विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी के रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो वह रिकॉर्ड बेल्जियम के सबेर जाखिल और सकलैन अली के नाम पर है, जिन्होंने साल 2021 में ऑस्ट्रिया के खिलाफ मैच में दोनों के बीच 132 रनों की साझेदारी देखने को मिली थी। वहीं अब इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर जेसन होल्डर और रोमारियो शेफर्ड की जोड़ी का रिकॉर्ड आ गया है।
ये भी पढ़ें
12 गेंदों में 59 रन लुटाकर इस तेज गेंदबाज ने बढ़ाई KKR की टेंशन, 1 ओवर में खर्च किए 36 रन
संपादक की पसंद