1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs AFG टेस्ट मैच से एक दिन पहले हो गया ऐलान, साई सुदर्शन को मिलेगा मौका

IND vs AFG टेस्ट मैच से एक दिन पहले हो गया ऐलान, साई सुदर्शन को मिलेगा मौका

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jun 05, 2026 01:03 pm IST,  Updated : Jun 05, 2026 01:09 pm IST

भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबले से एक दिन पहले ही इस बात का ऐलान हो गया कि इस मैच में नंबर 3 पर किसे मौका मिलेगा।

Sai Sudharsan - India TV Hindi
साई सुदर्शन Image Source : PTI

अफगानिस्तान की टीम एकमात्र टेस्ट मैच और तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए इन दिनों भारत के दौरे पर आई हुई है। दोनों टीमों के बीच एकमात्र टेस्ट मैच 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। इस टेस्ट मैच से पहले टीम इंडिया के हेड कोच ने एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में साई सुदर्शन को नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने का मौका मिलेगा। इसके साथ ये भी उन्होंने साफ कर दिया कि सुदर्शन को नंबर 3 पर अभी अधिक से अधिक मौके दिए जाएंगे।

साई सुदर्शन को लेकर टीम इंडिया के हेड कोच ने दिया बड़ा बयान

अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच से पहले हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने कहा कि सुदर्शन को अभी तक टेस्ट क्रिकेट में पर्याप्त मौके नहीं मिले हैं और उन्हें खुद को साबित करने के लिए लंबा मौका दिया जाना चाहिए। उनका कहना है कि साई सुदर्शन को निष्पक्ष मौका नहीं मिला है। उसने ज्यादातर मैच इंग्लैंड में खेले हैं और मेरा मानना है कि उसे अभी और मौका मिलना चाहिए। कोच गंभीर ने आगे कहा कि हम सिर्फ 11 खिलाड़ी ही चुन सकते हैं। साई खराब फॉर्म में भी नहीं है। उसने आईपीएल में 722 रन बनाए हैं। अगर हम किसी खिलाड़ी को सिर्फ चार-पांच मैचों के आधार पर आंकेंगे तो कभी मजबूत टीम नहीं बना पाएंगे।

श्रीलंका दौरे पर 4 स्पिनर के साथ जाएगी टीम इंडिया

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम इंडिया के कोच ने इस बात के भी संकेत दिए कि टीम मैनेजमेंट आने वाले विदेशी दौरों को ध्यान में रखकर तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि श्रीलंका और न्यूजीलैंड जैसी परिस्थितियों के लिए अलग-अलग रणनीति की जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि जब हम न्यूजीलैंड जाएंगे तो हमें अलग तरह से तैयारी करनी होगी। इसलिए हम कुछ ऐसे खिलाड़ियों को भी शामिल करेंगे जो वनडे टीम का रेगुलर हिस्सा हों और टेस्ट क्रिकेट भी खेलते हैं। हमें समझना होगा कि टेस्ट क्रिकेट के लिए बेहतर तैयारी जरूरी है। बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार और हर्ष दुबे के बीच प्रतिस्पर्धा को लेकर कोच ने कहा कि मानव और हर्ष कुछ हद तक एक जैसे हैं, लेकिन उनकी रिलीज पॉइंट अलग है। इस मैच में हम चौथे स्पिनर की पहचान करेंगे क्योंकि हम श्रीलंका में चार स्पिनरों के साथ जाएंगे।

WTC पॉइंट्स टेबल में छठे नंबर पर है टीम इंडिया

भारतीय टीम इस समय वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की अंक तालिका में छठे नंबर पर है। आने वाले विदेशी दौरों को देखते हुए टीम एक मजबूत कॉम्बिनेशन तैयार करने में जुटी है। इसी लंबी प्लानिंग के तहत साई सुदर्शन को नंबर-3 पर मौका दिया जा रहा है और श्रीलंका दौरे को ध्यान में रखकर नए स्पिनरों को तैयार किया जा रहा है। अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाला यह टेस्ट मैच भारतीय खिलाड़ियों के लिए टीम में अपनी जगह पक्की करने का एक बड़ा मौका है। अब सबकी नजरें इस बात पर होंगी कि युवा खिलाड़ी इस मौके का कितना फायदा उठा पाते हैं।

यह भी पढ़ें

हरमनप्रीत कौर के पास टी20 वर्ल्ड कप में इतिहास रचने का मौका, 200 T20I मैच खेलने वाली बनेंगी पहली खिलाड़ी

Asian Games 2026: क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए सभी 10 टीमें तय, नेपाल और मलेशिया ने भी किया क्वालीफाई

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल