टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन एशिया कप 2025 में खेल रहे हैं। भारत की टीम ओमान के खिलाफ ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच खेल रही है। इस मैच में संजू सैमसन को नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने का मौका मिला। उन्होंने इस मौके को पूरा फायदा उठाया और 45 गेंदों में 56 रन बनाकर आउट हुए, इस दौरान उन्होंने तीन चौके और तीन छक्के लगाए। इस पारी के दौरान उन्होंने टी-20 क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की।
संजू सैमसन ने एमएस धोनी को छोड़ा पीछे
दरअसल संजू सैमसन टी-20 क्रिकेट में सिक्स लगाने के मामले में एमएस धोनी से आगे निकल गए हैं और भारतीय प्लेयर्स की लिस्ट में चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। भारत के लिए टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज रोहित शर्मा हैं। उन्होंने 463 मैचों में 537 सिक्स लगाए हैं। दूसरे नंबर विराट कोहली का नाम है। विराट ने 435 सिक्स लगाए हैं। तीसरे नंबर सूर्यकुमार यादव का नाम है। उनके नाम 382 सिक्स दर्ज है। वहीं चौथे नंबर पर अब संजू सैमसन पहुंच गए हैं। उन्होंने टी-20 क्रिकेट में 353 सिक्स लगाए हैं।
संजू सैमसन को पहली बार मिला इस एशिया कप में बैटिंग करने का मौका
संजू सैमसन की बात करें तो उन्हें शुरुआती दो मैचों में बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला था। ऐसे में ओमान के खिलाफ मैच में उन्हें जब बैटिंग करने का मौका मिला तो उन्होंने दोनों हाथ से इस मौके को लपका और जबरदस्त बल्लेबाजी की। उनकी 56 रनों की पारी के बदौलत ही टीम इंडिया ओमान के सामने सम्मानजक स्कोर रखने में कामयाब रही। उनके अलावा तिलक वर्मा और अक्षर पटेल ने भी अच्छी बल्लेबाजी की।
भारत ने ओमान के खिलाफ दर्ज की आसान जीत
भारतीय टीम ने एशिया कप 2025 के आखिरी ग्रुप स्टेज मुकाबले में ओमान को 21 रन से हराया। भारतीय टीम ने शुरुआती दो मुकाबले आसानी से जीते थे लेकिन आखिरी लीग स्टेज मुकाबले में ओमान ने भारत को कड़ी टक्कर दी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 188 रन बनाए, इसके जवाब में ओमान ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 167 रन बनाए। ओमान की ओर से आमिर कलीम ने सर्वाधिक 64 रन बनाए। भारत के लिए हार्दिक, अर्शदीप, हर्षित और कुलदीप ने 1-1 विकेट लिए।