भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली है। सेलेक्टर्स ने आगामी टूर्नामेंट के लिए उनकी जगह संजू सैमसन को तरजीह दी और उन्हें टीम में शामिल किया। इस बात की पूरी संभावना है कि संजू ही टीम इंडिया के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ओपनिंग करते हुए दिखाई देंगे। आइए जानते हैं, साल 2025 में संजू और गिल दोनों में से किसने सबसे ज्यादा रन बनाए हैं?
संजू ने साल 2025 में T20I क्रिकेट में बनाए 222 रन
संजू सैसमन ने साल 2025 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 15 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उनके बल्ले से 222 निकले हैं। इस दौरान वह एक अर्धशतक लगाने में कामयाब हो पाए हैं और उनका हाईएस्ट स्कोर 56 रहा है। उन्होंने यह अर्धशतक एशिया कप 2025 में ओमान के खिलाफ मैच में लगाया था, तब टीम मुश्किल में फंसी हुई नजर आ रही थी और उन्होंने सधी हुई पारी खेलकर टीम को 188 रनों के स्कोर तक पहुंचाया था।
शुभमन गिल साल 2025 में T20I क्रिकेट में नहीं लगा पाए एक भी अर्धशतक
दूसरी तरफ शुभमन गिल ने साल 2025 में बेहद निराशजनक प्रदर्शन किया। वह अपने खेल से प्रभावित करने में सफल नहीं हो पाए और बेअसर साबित हुए। उन्होंने साल 2025 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के 15 मुकाबलों में कुल 291 रन बनाए, जिसमें एक भी अर्धशतक शामिल नहीं रहा था। अहम मौकों पर वह टीम के लिए चूक गए। उनके साथ ही ओपनिंग करने वाले अभिषेक शर्मा ने जबकि खूब रन कूटे। उनके खराब प्रदर्शन का आलम ये रहा कि वह साल 2025 में T20I क्रिकेट में एक भी अर्धशतक नहीं जड़ सके।
गिल ने साल 2025 में T20I संजू से बनाए ज्यादा रन
शुभमन गिल (291 रन) भले ही फ्लॉप साबित हुए हैं, लेकिन उन्होंने साल 2025 में टी20 इंटरनेशन क्रिकेट में वह संजू सैमसन (222 रन) से 69 रन ज्यादा बनाने में सफल रहे हैं। लेकिन दोनों बल्लेबाजों में से कोई भी साल 2025 में T20I क्रिकेट में शतक नहीं लगा पाया है।
संजू ने भारतीय टीम के लिए T20I क्रिकेट में साल 2015 में डेब्यू किया था। इसके बाद शुरुआती सालों में वह टीम के लिए अच्छा नहीं कर पाए और टीम से अंदर-बाहर होते रहे। उन्होंने टीम इंडिया के लिए 52 T20I मैचों में कुल 1032 रन बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से तीन शतक और तीन अर्धशतक निकले हैं। वह पहली बार टी20 वर्ल्ड कप में खेलेंगे।
यह भी पढ़ें:
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए सबसे कमजोर कड़ी, टीम इंडिया की होगी मुश्किल