मुंबई के बल्लेबाज सरफराज खान को काफी समय बाद भारतीय टीम में चुना गया है। उन्हें श्रीलंका दौरे के लिए चोटिल साई सुदर्शन की जगह टीम इंडिया में जगह मिली है। सुदर्शन चोट के कारण 15 अगस्त से श्रीलंका में शुरू हो रही दो टेस्ट मैचों की सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। सरफराज ने भारत के लिए अपना पिछला टेस्ट मैच नवंबर 2024 में खेला था। 28 साल के सरफराज दलीप ट्रॉफी 2026 के लिए वेस्ट जोन की टीम में शामिल थे, लेकिन अब भारतीय टीम में उनका चयन हुआ है और इस वजह से वेस्ट जोन के स्क्वॉड में बदलाव किया गया है। अब वेस्ट जोन की टीम में सरफराज की जगह सौराष्ट्र के 25 साल के बल्लेबाज जय गोहिल को मौका दिया गया है।
सौराष्ट्र के लिए जय गोहिल का प्रदर्शन रहा था शानदार
वेस्ट जोन और मुंबई के चीफ सेलेक्टर राजेश पवार ने कहा कि सरफराज की जगह गोहिल को शामिल किया गया है। इससे पहले वे स्टैंडबाय खिलाड़ियों में शामिल थे। गोहिल ने इस सीजन रणजी ट्रॉफी में सौराष्ट्र के लिए लगातार बेहतरीन खेल दिखाया है। टीम में विकेटकीपर हार्विक देसाई के बाद गोहिल सौराष्ट्र के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। गोहिल ने अपने पहले फर्स्ट-क्लास मैच की शुरुआत दिसंबर 2022 में असम के खिलाफ की थी। वे 2022-23 का रणजी ट्रॉफी खिताब जीतने वाली सौराष्ट्र टीम का हिस्सा थे, जहां उन्होंने नौ पारियों में लगभग 37 की औसत से कुल 337 रन बनाए थे।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में कैसा है जय गोहिल का प्रदर्शन
जय गोहिल के करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक कुल 12 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, वहां उन्होंने 48 के शानदार औसत से 860 रन बनाए हैं। इन मैचों में उनके बल्ले से दो शतक और चार अर्धशतक आए हैं। उन्होंने अपना आखिरी मैच इस साल की शुरुआत में चंडीगढ़ के खिलाफ खेला था, जिसमें 98 रन की शानदार पारी खेली थी। उनकी टीम सौराष्ट्र ने वह मैच एक पारी और 56 रन से जीता था।
23 अगस्त को पहला मैच खेलेगी वेस्ट जोन की टीम
ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में वेस्ट जोन की क्रिकेट टीम दलीप ट्रॉफी में अपना पहला मुकाबला 23 अगस्त को नॉर्थ जोन के साथ खेलेगी। यह मैच बेंगलुरु में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस मैदान पर खेला जाएगा। मुंबई के शम्स मुलानी को टीम का उपकप्तान बनाया गया है, जबकि शार्दुल ठाकुर, तुषार देशपांडे और पृथ्वी शॉ जैसे जाने-माने खिलाड़ी भी इस टीम का हिस्सा हैं।
दलीप ट्रॉफी 2026 के लिए वेस्ट जोन का स्क्वॉड: ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), शम्स मुलानी (उपकप्तान), शार्दुल ठाकुर, मुशीर खान, तुषार देशपांडे, तनुश कोटियन, सिद्धार्थ देसाई, अतीत शेठ, पृथ्वी शॉ, शिवालिक शर्मा, मुकेश चौधरी, हार्विक देसाई (विकेटकीपर), जयमीत पटेल, उर्विल पटेल और जय गोहिल
यह भी पढ़ें
शुभमन गिल का कप्तानी में कैसा रहा है रिकॉर्ड? अबकी बार श्रीलंका में होगा असली टेस्ट
ACC मेन्स प्रीमियर कप से पहले नेपाल ने बदला कप्तान, 26 साल के खिलाड़ी को सौंपी टीम की जिम्मेदारी