1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. राजस्थान की हार का सबसे बड़ा विलेन, करोड़ों की रकम लेकर कर रहा दगाबाजी

राजस्थान की हार का सबसे बड़ा विलेन, करोड़ों की रकम लेकर कर रहा दगाबाजी

 Published : Apr 24, 2025 11:45 pm IST,  Updated : Apr 24, 2025 11:45 pm IST

राजस्थान की टीम बेंगलुरु से मैच हार गई है और अब उसकी प्लेऑफ की संभावनाएं भी खत्म हो गई हैं। इस बीच राजस्थान रॉयल्स की हार के सबसे बड़े विलेन शिमरन हेटमायर बन गए हैं, जिन्हें टीम ने 11 करोड़ की मोटी रकम में रिटेन किया है।

shimron hetmye- India TV Hindi
शिमरन हेटमायर Image Source : AP

राजस्थान को आईपीएल के एक और मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। टीम एक वक्त काफी मजबूत स्थिति में थी और लग रहा था कि मैच जीत भी जाएगी, लेकिन इसके बाद विकेट का ऐसा पतझड़ शुरू हुआ कि टीम को आखिर में हार ही नसीब हुई। अब राजस्थान के लिए प्लेऑफ के रास्ते पूरी तरह से बंद हो गए हैं, जो कुछ संभावनाएं थी, वो भी अब खत्म हो गई हैं। इस बीच राजस्थान की इस हार का सबसे बड़ा जिम्मेदार और विलेन फिर से वही खिलाड़ी बन गया है, जो लगातार खलनायक की भूमिका निभाता रहा है। हम बात कर रहे हैं शिमरन हेटमायर की, जो इस बार भी फ्लॉप रहे। 

आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बनाए थे 205 रन

पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की टीम ने इस मुकाबले में 5 विकेट के नुकसान पर 205 रन बनाए थे। ये आरसीबी का राजस्थान के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर है। बेंगलुरु ने इससे पहले राजस्थान के खिलाफ इतने रन कभी नहीं बनाए थे। इसके बाद भी ये ऐसा स्कोर है, जिसे चेज किया जा सकता था। वहीं जब राजस्थान की टीम इस स्कोर को पीछा करने के लिए उतरी तो उनकी शुरुआत अच्छी हो गई थी। यशस्वी जायसवाल तो अपने रंग में थे कि युवा वैभव सूर्यवंशी ने भी कुछ अच्छे स्ट्रोक खेले। टीम ने चार ही ओवर में 50 रन का आंकड़ा पार कर लिया था। लेकिन तभी 52 के स्कोर पर राजस्थान का पहला विकेट गिरा। वैभव 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। 

लगातार गिरते रहे राजस्थान के विकेट

इसके बाद छोटे छोटे स्कोर तो आए, लेकिन ऐसी एक भी पारी नहीं आई, जो मैच जिता पाती। हालां​कि टीम ने तेजी रन बनाना जारी रखा। लेकिन दगा दे गए शिमरन हेटमायर। जो इस मैच में भी 8 बॉल पर केवल 11 रन ही बना सके। उन्हें फिनिशर की भूमिका दी गई है। लेकिन वे हर बार नाकाम साबित हो रहे हैं। हर मैच में उनकी जरूरत पड़ती है और वे मौके पर दगा दे जाते हैं। जबकि वे राजस्थान रॉयल्स के रिटेन खिलाड़ी हैं, उन पर टीम ने 11 करोड़ रुपये की मोटी रकम खर्च की है। इसके बाद भी वे कामयाब नहीं हो पा रहे हैं। 

राजस्थान के लिए अब प्लेऑफ के रास्ते बंद

राजस्थान की टीम अब 9 मैच खेलकर केवल दो ही जीत पाई है, टीम के पास केवल चार अंक हैं। अब टीम के पास 5 मुकाबले ही बाकी हैं। अगर ये सारे जीत भी लिए जाएं तो कुल अंक 14 ही होंगे, जो टॉप 4 तक ले जाने के लिए काफी नहीं होंगे। यानी राजस्थान का पत्ता अब इस साल के आईपीएल से करीब करीब कट चुका है। टीम अभी आठवें स्थान पर है, लेकिन कब और नीचे चली जाए, कहना मुश्किल है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल