1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया को टेस्ट में कप्तान के साथ मिलेगा नया उपकप्तान, कोहली पर संशय बरकरार

टीम इंडिया को टेस्ट में कप्तान के साथ मिलेगा नया उपकप्तान, कोहली पर संशय बरकरार

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : May 11, 2025 07:36 am IST,  Updated : May 11, 2025 07:36 am IST

भारतीय टीम को अगले महीने इंग्लैंड का दौरा करना है। इस दौरे को लेकर भारतीय टीम का जल्द ऐलान हो सकता है।

Team India- India TV Hindi
ऋषभ पंत और शुभमन गिल Image Source : GETTY

रोहित शर्मा के टेस्ट से रिटायरमेंट लेने के बाद भारतीय टेस्ट टीम की कमान युवा खिलाड़ी को सौंपी जा सकती है। ऐसा माना जा रहा है कि इंग्लैंड दौरे के लिए BCCI युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को कप्तानी की जिम्मेदारी दे सकती है। वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को उप-कप्तान बनाए जाने की पूरी संभावना है।

दरअसल, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को लेकर लगातार संशय बना हुआ है। इसी कारण चयनकर्ता उन्हें उप-कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपने के पक्ष में नहीं हैं। बीसीसीआई के एक वरिष्ठ सूत्र ने पीटीआई को जानकारी दी कि अगर बुमराह कप्तान नहीं हैं, तो उन्हें उप-कप्तानी सौंपने का कोई औचित्य नहीं है।

विदेशी धरती पर पंत के आंकड़े शानदार

ऋषभ पंत का विदेशों में टेस्ट रिकॉर्ड शानदार रहा है। ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पंत ने 42 से ज्यादा की औसत से रन बनाए हैं। इन दौरे पर वह सात बार 90 और 99 के बीच के स्कोर तक भी पहुंचे हैं। ऐसे में उप-कप्तानी के लिए उनका नाम सबसे मजबूत माना जा रहा है।

इस बीच विराट कोहली के संभावित टेस्ट संन्यास की अटकलों ने भी क्रिकेट गलियारों में हलचल मचा दी है। हाल ही में यह खबर आई थी कि चयन समिति इंग्लैंड दौरे के लिए कोहली को एक बार फिर कप्तानी सौंपने का मन बना रही थी, ताकि शुभमन गिल को नेतृत्व की भूमिका के लिए थोड़ा और वक्त मिल सके। हालांकि कोहली ने अब तक टेस्ट करियर को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

BCCI की ओर से भी कोहली और बोर्ड के बीच हुई बातचीत को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की गई है। पीटीआई द्वारा जब चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर और बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया से संपर्क किया गया, तो उन्होंने भी इस मसले पर जवाब देने से इनकार कर दिया।

शुभमन गिल पहली पसंद

सूत्रों के अनुसार, फिलहाल चयन समिति की पहली पसंद शुभमन गिल ही बने हुए हैं। केएल राहुल को इस दौड़ में शामिल नहीं किया गया है। 33 वर्ष के राहुल के करियर में निरंतरता की कमी रही है और उनका 11 साल में 50 टेस्ट मैचों में 35 से कम का औसत भी उनके खिलाफ जाता है।

इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम की आधिकारिक घोषणा मई के तीसरे सप्ताह के अंत तक की जाएगी। वहीं भारत ए टीम का ऐलान अगले सप्ताह की शुरुआत में किया जाएगा। अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टेस्ट टीम एक नए नेतृत्व के साथ नया आगाज कर सकती है। 

(PTI Inputs)

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल