1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारतीय टीम के लिए बड़ी टेंशन, ODI सीरीज से बाहर हो सकते हैं गिल; इन 2 प्लेयर्स में कप्तानी के लिए टक्कर

भारतीय टीम के लिए बड़ी टेंशन, ODI सीरीज से बाहर हो सकते हैं गिल; इन 2 प्लेयर्स में कप्तानी के लिए टक्कर

 Written By: Govind Singh
 Published : Nov 22, 2025 09:46 pm IST,  Updated : Nov 22, 2025 09:46 pm IST

टेस्ट सीरीज के बाद भारतीय क्रिकेट टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे और पांच टी20 मैचों की सीरीज खेलेगी। लेकिन अब टीम इंडिया के लिए एक बुरी खबर सामने आई है, जिसमें बताया गया है कि कप्तान शुभमन गिल वनडे सीरीज से बाहर हो सकते हैं।

shubman gill- India TV Hindi
शुभमन गिल Image Source : AP

शुभमन गिल गर्दन में ऐंठन की वजह से साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में नहीं खेल पाए थे। उनकी जगह कप्तानी की जिम्मेदारी ऋषभ पंत ने संभाली है। अब पीटीआई की रिपोर्ट में सामने आया है कि गिल वनडे सीरीज से भी बाहर हो सकते हैं और वनडे में कप्तानी के लिए केएल राहुल और ऋषभ पंत के नाम पर विचार किया जा सकता है। जबकि सीनियर बल्लेबाज रोहित शर्मा भी टीम में हैं।

ODI सीरीज से शुभमन गिल को मिल सकता है रेस्ट 

बीसीसीआई के विश्वस्त सूत्रों के अनुसार शुभमन गिल की चोट सिर्फ गर्दन की ऐंठन नहीं है। उन्हें आराम की जरूरत होगी और भारतीय टीम मैनेजमेंट उनकी वापसी के लिए हड़बड़ी नहीं करेगा। गिल को कोलकाता में पहले टेस्ट में बल्लेबाजी के दौरान गर्दन में ऐंठन का सामना करना पड़ा था। फिर वह रिटायर्ड हर्ट होकर वापस पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था और दूसरी पारी में वह बैटिंग के लिए नहीं आए थे।

शुभमन गिल इस समय मुंबई में हैं जहां उनके MRI समेत बाकी टेस्ट हो रहे हैं। सूत्र ने कहा कि यह देखने के लिए टेस्ट किए जा रहे हैं कि मांसपेशी में चोट है या टिश्यू में चोट लगी है। अभी तक तो सेलेक्टर्स को उम्मीद है कि वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 खेल सकेंगे। कप्तानी के लिए ऋषभ पंत प्रबल दावेदार हैं जो दूसरे टेस्ट में भी कप्तानी कर रहे हैं। पिछले एक साल में हालांकि उन्होंने एक ही वनडे खेला है।

जायसवाल कर सकते हैं रोहित के साथ ओपनिंग

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक वनडे सीरीज में रोहित शर्मा के साथ यशस्वी जायसवाल पारी का आगाज कर सकते हैं। अभिषेक शर्मा रिजर्व सलामी बल्लेबाज हो सकते हैं। हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह तेज गेंदबाजी का जिम्मा संभालेंगे। जसप्रीत बुमराह को आराम दिया जा सकता है। वहीं चोट से जूझ रहे हार्दिक पांड्या अगले साल विश्व कप तक सिर्फ टी20 खेलेंगे। कुलदीप यादव निजी कारणों से ब्रेक ले सकते हैं। ऐसे में स्पिन का दारोमदार अक्षर पटेल, वरूण चक्रवर्ती और वॉशिंगटन सुंदर पर होगा।

अफ्रीकी टीम कर चुकी स्क्वाड का ऐलान

इस बात की संभावना जताई जा रही है कि वनडे और टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम के स्क्वाड का ऐलान एक से दो दिनों में हो सकता है। वहीं साउथ अफ्रीका ने वनडे और टी20 दोनों सीरीज के लिए स्क्वाड की घोषणा कर दी है, जिसमें वनडे टीम के कप्तान टेम्बा बावुमा है। वहीं टी20 टीम की कमान एडन माक्ररम को मिली है।

(Input: PTI)

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल