Smriti Mandhana Record: महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में टीम इंडिया का पिछला मुकाबला इंग्लैंड से खिलाफ था, जहां इंग्लैंड ने 4 रन से जीत दर्ज की। इस मैच में भारत के तरफ से हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा ने शानदार अर्धशतक लगाया। अपनी इस अर्धशतकीय पारी के दौरान स्मृति मंधाना ने भारत की पूर्व दिग्गज महिला क्रिकेटर मिताली राज का रिकॉर्ड तोड़ा। वह अब महिला वनडे में भारत के लिए घर पर सबसे ज्यादा बार 50+ स्कोर बनाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं।
सूजी बेट्स के नाम है वर्ल्ड रिकॉर्ड
वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 50+ स्कोर बनाने वाली महिला बल्लेबाज की बात करें तो वहां न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स का नाम टॉप पर है। बेट्स ने वनडे में 28 बार अपने घर 50+ रनों की पारी खेली है। दूसरे नंबर पर अब स्मृति मंधाना का नाम है। मंधाना ने वनडे में अपने घर पर अब तक 23 बार 50+ रनों की पारी खेली है। मिताली राज और चार्लेट एडवर्ड्स का नाम इस लिस्ट में संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर है। दोनों ने अपने घर पर वनडे में 22 बार 50+ रनों की पारी खेली है।
घरेलू मैदान पर वनडे फॉर्मेट में सबसे ज्यादा 50+ की पारी खेलने वाली महिला खिलाड़ी
- 28 - सूजी बेट्स (न्यूजीलैंड)
- 23 - स्मृति मंधाना (भारत)
- 22 - चार्लोट एडवर्ड्स (इंग्लैंड)
- 22 - मिताली राज (भारत)
मंधाना के निशाने पर एक और बड़ा रिकॉर्ड
मंधाना ने इस साल 9वीं बार 50 या उससे अधिक रनों की पारी खेली है। मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुए मुकाबले में 80 रन बनाए थे। जबकि इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 88 रन बनाए हैं। मंधाना इस साल सिर्फ एक मैच में दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर पाई हैं अगर मंधाना न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के खिलाफ मैच में भी 50 या उससे अधिक रनों की पारी खेलने में सफल होती हैं तो वह एक कैलेंडर ईयर में सबसे अधिक बार 50 या उससे अधिक रनों की पारी खेलने वाली महिला बल्लेबाज बन जाएंगी।
इंग्लैंड के खिलाफ भारत के तीन बल्लेबाजों ने लगाया अर्धशतक
इंग्लैंड महिला टीम के खिलाफ मैच में स्मृति मंधाना ने 94 गेंदों में 88 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 8 चौके लगाए और उनका स्ट्राइक रेट 93.62 का रहा। उनके अलावा हरमनप्रीत कौर ने 70 गेंदों में 70 तो वहीं दीप्ति शर्मा ने 57 गेंदों में 50 रन की पारी खेली। इन तीनों की बेहतरीन पारी के बाद भी टीम इंडिया इस मैच में 289 रन के टारगेट का पीछा नहीं कर पाई और उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें
वर्ल्ड कप में इस खिलाड़ी ने किया बड़ा कारनामा, ऐसा करने वाली बनी पहली खिलाड़ी
जेमिमा रोड्रिग्ज को क्यों किया गया ड्रॉप, उपकप्तान ने मैच के बाद खोला बड़ा राज