Smriti Mandhana: ICC वूमेन्स ODI वर्ल्ड कप 2025 के 24वें मैच में भारत और न्यूजीलैंड का आमना-सामना हुआ। सेमीफाइनल के लिहाज से दोनों ही टीमों के लिए यह काफी अहम मैच था, लेकिन अंत में भारतीय टीम बाजी मारने में सफल रही। इस मैच में भारतीय सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने शानदार शतकीय पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाने के साथ-साथ सेमीफाइनल का टिकट दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई। मंधाना ने पारी का आगाज करने हुए शानदार शतक जड़ा। यह उनके ODI करियर का 14वां शतक है। उन्होंने 134 गेंदों पर 13 चौके और 2 छक्के जड़ते हुए 122 रनों की पारी खेली। इस शतकीय पारी के साथ मंधाना महिला ODI क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा शतक बनाने वाली बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं।
मंधाना के निशाने पर वर्ल्ड रिकॉर्ड
मंधाना का यह शतक न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि भारतीय महिला क्रिकेट के लिए भी गर्व का क्षण है। मंधाना अब सिर्फ ऑस्ट्रेलिया की कप्तान मेग लैनिंग से पीछे हैं। मंधाना के नाम अब 114 ODI मैचों में 14 शतक हैं। वहीं, लैंनिग ने ODI में 15 शतक जड़े हैं। मंधाना के पास अब मेग लैनिंग का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने का शानदार चांस है। अगर भारतीय सलामी बल्लेबाज 2 शतक और जड़ देती हैं, तो वह महिला ODI क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा 16 शतक लगाने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन जाएंगी।
मंधाना इतिहास रचने से सिर्फ 2 शतक दूर
भारतीय महिला क्रिकेट टीम का मौजूदा वर्ल्ड कप के लीग स्टेज में एक मैच बचा हुआ है। टीम इंडिया 26 अक्टूबर को नवी मुंबई में बांग्लादेश से भिड़ेगी। इस मैच में मंधाना शतक जड़ते ही मैग लेनिंग के कीर्तिमान की बराबरी कर लेंगी। इसके बाद जब टीम इंडिया सेमीफाइनल में उतरेगी तो स्टार भारतीय बल्लेबाज के निशाने पर मेग लैनिंग का सबसे ज्यादा ODI शतक जड़ने का वर्ल्ड रिकॉर्ड होगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि मंधाना इसी वर्ल्ड कप में ऐसा करने में कामयाब हो पाती हैं या फिर फैंस को थोड़ा और इंतजार करना होगा।
ODI क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली महिला क्रिकेटर
- मेग लैनिंग (ऑस्ट्रेलिया) - 15 शतक
- स्मृति मंधाना (भारत)- 14 शतक
- सूजी बेट्स (न्यूजीलैंड) - 13 शतक
- टैमी ब्यूमोंट (इंग्लैंड)- 12 शतक
- नैट साइवर-ब्रंट (इंग्लैंड)- 10 शतक
यह भी पढ़ें:
ODI सीरीज के बीच स्क्वॉड में बड़े बदलाव, 25 साल का ऑलराउंडर पहली बार टीम में शामिल
World Cup 2025: भारत की जीत से सेमीफाइनल की चारों टीमें तय, जानें कब और कहां खेले जाएंगे मुकाबले