Thursday, February 26, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Champions Trophy के इतिहास में दूसरी बार हुआ ऐसा, भारत के बाद अब इस टीम ने किया ये बड़ा कमाल

Champions Trophy के इतिहास में दूसरी बार हुआ ऐसा, भारत के बाद अब इस टीम ने किया ये बड़ा कमाल

Written By: Abhishek Pandey @anupandey29 Published : Feb 22, 2025 07:12 am IST, Updated : Feb 22, 2025 07:12 am IST

Champions Trophy 2025: साउथ अफ्रीका की टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के अपने पहले मुकाबले में 107 रनों की बड़ी जीत दर्ज करने के साथ शानदार शुरुआत की है। इस मैच में अफ्रीकी टीम ने एक ऐसा रिकॉर्ड भी बनाया जो इससे पहले चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में टीम इंडिया ही करने में कामयाब हो सकी थी।

Rassie van der Dussen and Aiden Markram- India TV Hindi
Image Source : AP रीजा वैन डर डुसेन और एडेन माक्ररम

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में ग्रुप-बी का पहला मुकाबला 21 फरवरी को कराची के नेशनल स्टेडियम में साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान की टीम के बीच खेला गया। इस मैच में पूरी तरह से अफ्रीकी टीम का दबदबा देखने को मिला, जिसमें उन्होंने पहले बल्लेबाजी करते हुए जहां 50 ओवर्स में 6 विकेट के नुकसान पर 315 रनों का स्कोर बना दिया तो वहीं इसके बाद उनके गेंदबाजों ने अफगानिस्तान टीम की पारी को 208 रनों पर समेटने के साथ मुकाबले को 107 रनों से अपने नाम कर लिया। इस मैच में साउथ अफ्रीका का टीम ने एक ऐसा कारनामा भी किया जो इससे पहले चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में सिर्फ भारतीय टीम करने में कामयाब हो सकी थी।

अफ्रीकी टीम के चार बल्लेबाजों ने खेली 50 या उससे अधिक रनों की पारी

अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले में साउथ अफ्रीका टीम के कप्तान टेम्बा बावुमा ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जिसे उनके बल्लेबाजों ने पूरी तरह से सही भी साबित किया। अफ्रीकी टीम की पारी में जहां रेयान रिक्लेटन ने 103 रन बनाए तो वहीं इसके अलावा कप्तान बावुमा ने 58, रीजा वैन डर डुसेन ने 52 जबकि एडन माक्ररम ने 50 रनों की पारी खेली। इस तरह अफ्रीकी टीम की पारी में चार बल्लेबाज ऐसे रहे जिन्होंने 50 या उससे अधिक रनों की पारी खेली। इससे पहले चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में सिर्फ भारतीय टीम ये कारनामा करने में कामयाब हो सकी थी, जब उन्होंने साल 2017 में बर्मिंघम के मैदान पर पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला खेला था।

टीम इंडिया की तरफ से पाकिस्तान के खिलाफ इस मैच में चार खिलाड़ियों ने 50 या उससे अधिक रनों की पारी खेली थी। इसमें रोहित शर्मा ने 91, शिखर धवन ने 68, विराट कोहली ने 81 जबकि युवराज सिंह के बल्ले से 53 रनों की पारी देखने को मिली थी। अब साउथ अफ्रीका की टीम इस कारनामे को करने वाली दूसरी टीम बन गई है।

अफगानिस्तान टीम को मिली उनकी आईसीसी वनडे टूर्नामेंट की चौथी सबसे बड़ी हार

वर्ल्ड क्रिकेट में पिछले कुछ सालों में अफगानिस्तान टीम का लिमिटेड ओवर्स फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन देखने को तो मिला है, लेकिन इसमें से उन्होंने अधिकतर टी20 फॉर्मेट में ये कमाल दिखाया है। आईसीसी वनडे टूर्नामेंट में वह अब तक उस स्तर का प्रदर्शन निरंतरता के साथ करने में कामयाब नहीं हो सके हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में मिली 107 रनों की हार अफगानिस्तान टीम की आईसीसी वनडे टूर्नामेंट में रनों के अंतर से चौथी सबसे बड़ी हार है। वहीं इसी के साथ अब उनके लिए सेमीफाइनल में पहुंचने की राह भी काफी कठिन हो गई है क्योंकि उनका नेट रनरेट इस हार के बाद -2.140 का है जिसे सुधारना उनके लिए काफी मुश्किल होने वाला है। अब अफगानिस्तान को अपना अगला मुकाबला 26 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ खेलना है।

ये भी पढ़ें

रणजी ट्रॉफी 2024-25 के दोनों फाइनलिस्ट हुए तय, इस टीम ने पहली बार फाइनल में मारी एंट्री

अगर भारत के खिलाफ भी मैच हारा पाकिस्तान, तो फिर इस तरह से मिल सकता है सेमीफाइनल का टिकट

Latest Cricket News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement