1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. स्टीव स्मिथ के पास स्टीव वॉ को पछाड़ने का बेहतरीन चांस, टेस्ट में 11 हजार रन बनाने के बहुत करीब

स्टीव स्मिथ के पास स्टीव वॉ को पछाड़ने का बेहतरीन चांस, टेस्ट में 11 हजार रन बनाने के बहुत करीब

 Written By: Vanson Soral
 Published : Aug 12, 2026 01:31 pm IST,  Updated : Aug 12, 2026 01:31 pm IST

ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच टेस्ट सीरीज खेली जानी हैं। पहला टेस्ट 13 अगस्त से खेला जाएगा। ऐसे में स्टीव स्मिथ के पास टेस्ट क्रिकेट में 11000 रन का आंकड़ा छूने का बेहतरीन मौका होगा।

Steve Smith- India TV Hindi
स्टीव स्मिथ Image Source : AP

ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश टेस्ट सीरीज में भिड़ने के लिए तैयार हैं। दोनों टीमों के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का 13 अगस्त से आगाज होगा, जिसके लिए ऑस्ट्रेलिया ने अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन में कई स्टार खिलाड़ी शामिल हैं। ऐसे में 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के दौरान कई बड़े रिकॉर्ड बनने की उम्मीद है।

स्मिथ के निशाने पर बड़ा मुकाम

बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ के पास बड़ा मुकाम छूने का बेहतरीन मौका है। दरअसल, स्टीव स्मिथ टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में 11000 रन बनाने के बेहद करीब हैं। इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए उन्हें सिर्फ 237 रनों की दरकार हैं। स्मिथ के नाम अभी 123 टेस्ट मैचों की 220 पारियों में 10763 रन दर्ज हैं। उनका औसत 56.05 का है। वह टेस्ट में 37 शतक और 44 अर्धशतक लगा चुके हैं।

स्टीव स्मिथ अगर पहले टेस्ट मैच की दोनों पारियों में 165 रन बनाने में सफल रहते हैं, तो वह टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ को पछाड़ देंगे। स्टीव वॉ ने 168 टेस्ट मैचों की 260 पारियों में 51.06 के औसत से 10927 रन बनाए थे। स्टीव वॉ को पछाड़ते ही स्मिथ टेस्ट में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बन जाएंगे।

11 हजार रन के करीब स्मिथ

गौरतलब है कि टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज रिकी पोंटिंग हैं। पोंटिंग ने 168 टेस्ट मैचों की 287 पारियों में 13 हजार से ज्यादा रन बनाए थे। वहीं, दूसरे पायदान पर एलन बॉर्डर हैं। एलन के खाते में 11 हजार से ज्यादा रन दर्ज हैं। इस साल स्मिथ के पास एलन बॉर्डर को पछाड़ते हुए ऑस्ट्रेलिया की ओर से टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे पायदान पर पहुंचने का मौका होगा। 

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज

  • रिकी पोंटिंग - 13378
  • एलन बॉर्डर - 11174
  •  स्टीव वॉ - 10927
  • स्टीव स्मिथ - 10763

स्टीव स्मिथ टेस्ट ही नहीं बल्कि इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की लिस्ट में एलन बॉर्डर को पछाड़ सकते हैं। स्मिथ को इसके लिए सिर्फ 42 रनों की दरकार है। यह कारनामा वह बांग्लादेश के खिलाफ पहले ही टेस्ट मैच में कर सकते हैं। रिकी पोंटिंग के नाम ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है। पोंटिंग के बाद डेविड वॉर्नर दूसरे पायदान पर हैं। स्टीव वॉ तीसरे और एलन बॉर्डर चौथे स्थान पर हैं। स्टीव स्मिथ 5वें स्थान पर काबिज हैं।

इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज

  • रिकी पोंटिंग - 27483
  • डेविड वॉर्नर - 18995
  • स्टीव वॉ - 18496
  • एलन बॉर्डर - 17698
  • स्टीव स्मिथ - 17656

यह भी पढ़ें:

टीम कर रही थी 206 रनों का पीछा, 8 रन पर गिरे 3 विकेट, फिर आया आंद्रे रसेल का तूफान

पाकिस्तान के लिए आई अच्छी खबर, पूर्व कप्तान फिट, अब अंग्रेजों से होगा मुकाबला

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल