इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन के बीच में सनराइजर्स हैदराबाद ने एक मई को तेज गेंदबाज शिवम मावी के इस टूर्नामेंट से बाहर होने की जानकारी देने के साथ उनके रिप्लेसमेंट प्लेयर के नाम का भी ऐलान कर दिया है। शिवम मावी ग्रोइन इंजरी से जूझ रहे हैं जिसके चलते वह आईपीएल 2026 से अब बाहर हो चुके हैं। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद ने मावी की जगह पर आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 की विजेता भारतीय टीम के स्क्वाड का हिस्सा रहने वाले तेज गेंदबाज आर एस अंबरीश को चुना है, जिनका गेंद से टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला था और इसके अलावा अंबरीश निचलेक्रम में बल्ले से भी अपना कमाल दिखा सकते हैं।
वर्ल्ड कप में अंबरीश ने लिए थे कुल 11 विकेट
आर एस अंबरीश जो एक दाएं हाथ के तेज गेंदबाज होने के साथ बाएं हाथ के बल्लेबाज भी हैं उन्होंने आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप में कुल 11 विकेट हासिल किए थे जिसमें वह टीम इंडिया के लिए टूर्नामेंट में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। आर एस अंबरीश फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अपना डेब्यू भी कर चुके हैं जिसमें उन्होंने तमिलनाडु टीम की तरफ से कुल 2 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 2 विकेट हासिल किए हैं तो वहीं बल्ले से कुल 43 रन बनाने में कामयाब रहे। सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 सीजन के लिए आर एस अंबरीश को उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपये में अपना हिस्सा बनाया है।
एसआरएच का अब तक इस सीजन दिखा कमाल का प्रदर्शन
सनराइजर्स हैदराबाद का आईपीएल के 19वें सीजन में अब तक शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने 9 मैच खेले हैं और उसमें 6 को जीतने में कामयाब रहे हैं। एसआरएच अभी अंकतालिका में 12 अंकों के साथ तीसरी पोजीशन पर काबिज है, जिसमें अब उनकी नजरें लीग स्टेज के बाकी बचे मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करने पर रहने वाली है। इससे वह प्लेऑफ के लिए आसानी से अपनी जगह पक्की कर लेगी। सनराइजर्स हैदराबाद को इस सीजन में अपना अगला मैच तीन मई को कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के खिलाफ खेलना है, जिनको उन्होंने इस सीजन के पिछले मुकाबले में 65 रनों से एकतरफा मात दी थी।
ये भी पढ़ें
पहले मुंबई इंडियंस और अब LSG ने नहीं दिया मौका, इस लीग में खेलेगा खिलाड़ी
Sameer Rizvi: पहले दो मैचों के बाद समीर रिजवी फ्लॉप, आखिर कहां गया इस खिलाड़ी का फॉर्म