T20 World Cup 2022 : टी20 विश्व कप 2022 में एक बार फिर टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा नाकाम साबित हुए। अब तक खेले गए छह मैचों में से केवल एक ही बार रोहित शर्मा अर्धशतक लगाने में कामयाब हुए हैं, बाकी मैचों में उनका बल्ला उस तरह से नहीं चला, जिसके लिए वे जाने और पहचाने जाते हैं। सेमीफाइनल जैसे अहम मुकाबले में भी रोहित शर्मा बड़ी पारी खेलने में कामयाब नहीं रहे। रोहित शर्मा का फार्म में न होना टीम इंडिया के लिए चिंता की बात हो सकती है। हालांकि आज के मैच में एक बार फिर पूर्व कप्तान विराट कोहली ने अपने फार्म के अनुसार ही बड़ी पारी खेली और टीम को अच्छी स्थिति में पहुंचाने में मदद की।

केएल राहुल फिर सस्ते में आउट होकर पवेलियन लौटे
इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में एक बार फिर पारी की शुरुआत कप्तान रोहित शर्मा और उप कप्तान केएल राहुल ने की। राहुल ने मैच की पहली ही गेंद पर चौका मारा तो लगा कि आज रोहित शर्मा पर दबाव कम होगा और वे खुलकर बल्लेबाजी कर पाएंगे। हालांकि केएल राहुल ने फिर से खामोशी ओढ़ ली और पांच गेंद पर पांच रन बनाए और आउट होकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद क्रीज पर रोहित शर्मा और विराट कोहली आए। इसके बाद लगा कि इन दोनों के बीच अच्छी साझेदारी होगी। कुछ देर दोनों ने टिककर बल्लेबाजी की भी, लेकिन रोहित शर्मा एक बार फिर 30 का आंकड़ा पार करने में कामयाब नहीं हो पाए। रोहित शर्मा ने 28 गेंद पर 27 की पारी खेली और आउट होकर चलते बने।

रोहित शर्मा के ऐसे रहे हैं टी20 विश्व कप में आंकड़े
रोहित शर्मा के इस साल के विश्व कप में अब तक खेले गए मैचों के आंकड़ों की बात करें तो उन्होंने छह मैचों में 116 रन ही बनाए हैं। यानी वे 100 रन इसी मैच में पूरे कर पाए हैं। इस दौरान उन्होंने 110 गेंदों का सामना किया। उनका औसत 19 का रहा है और स्ट्राइक रेट 106 का है। इस तरह के आंकड़े रोहित शर्मा जैसे बल्लेबाज के नाम के आगे अच्छे नहीं लगते। जो खिलाड़ी टी20 में भी शतक लगाने के लिए जाना जाता है और सबसे ज्यादा शतक भी उसके ही नाम पर है, वो इस बार केवल एक ही बार 50 रन से ज्यादा की पारी खेल पाया है। उम्मीद की जानी चाहिए कि टीम इंडिया आज का मैच जीतकर फाइनल में जाएगी और फिर उस खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ रोहित शर्मा का वही हिटमैन अवतार नजर आएगा।