1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. T20 World Cup टीम में जगह ना मिलने पर टूटा इस खिलाड़ी का दिल, कहा- हर खिलाड़ी का होता है सपना

T20 World Cup टीम में जगह ना मिलने पर टूटा इस खिलाड़ी का दिल, कहा- हर खिलाड़ी का होता है सपना

 Written By: Deepesh Sharma
 Published : Oct 08, 2022 09:34 pm IST,  Updated : Oct 08, 2022 09:34 pm IST

T20 World Cup टीम में ना चुने जाने पर टीम इंडिया का एक खिलाड़ी काफी निराश है।

Shardul Thakur- India TV Hindi
Shardul Thakur Image Source : AP

Highlights

  • जगह ना मिलने पर टूटा इस खिलाड़ी का दिल
  • वर्ल्ड कप टीम में नहीं मिल पाई जगह
  • कहा- हर खिलाड़ी का होता है सपना

T20 World Cup 2022: भारतीय तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर को आगामी टी20 वर्ल्ड कप के लिए नहीं चुने जाने की बड़ी निराशा है लेकिन मुंबई का यह खिलाड़ी आने वाले मैचों में बेहतर प्रदर्शन करने पर ध्यान दे रहा है क्योंकि उनमें अभी काफी क्रिकेट बचा है। स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में शार्दुल ने भारत के लिए कुछ टी20 मैच खेले लेकिन प्रति ओवर 9.15 रन लुटाने का खामियाजा उन्हें टीम से बाहर होकर उठाना पड़ा।

ना चुने जाने पर लगा बुरा

शार्दुल ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मैच से पहले कहा, ‘‘जाहिर है, यह बड़ी निराशा है। वर्ल्ड कप में खेलना और अच्छा प्रदर्शन करना हर खिलाड़ी का सपना होता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगर मेरा चयन नहीं हुआ तो भी कोई बात नहीं। मुझ में अभी काफी क्रिकेट बचा है और अगले साल वनडे वर्ल्ड कप भी है। मुझे जिस मैच में भी मौका मिला मेरा ध्यान उस में अच्छा करने और टीम की जीत में योगदान देने पर होगा।’’ 

दीपक की चोट पर दिया बड़ा बयान

दीपक चाहर के चोटिल होने से भारत के टी20 वर्ल्ड कप अभियान को बड़ा झटका लगा है। चाहर रिजर्व खिलाड़ियों की सूची में शामिल थे और अब ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने इस विश्व कप से बाहर होने के कगार पर है। शार्दुल ने कहा, ‘‘चोट लगना खेल का हिस्सा है। किसी ना किसी समय खिलाड़ी चोटिल जरूर होगा। हमें इसे दिल से नहीं लेना चाहिए। अभी काफी क्रिकेट बचा हुआ है।’’ शार्दुल से जब चाहर के बाहर होने पर उनके मौको को लेकर पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘अगर किसी को चोट लगती है तो कोई भी खिलाड़ी उसकी जगह आ सकता है। आपकी जिम्मेदारी बस इतनी होती है कि जब भी आपको मौका मिले आप अपनी जिम्मेदारी निभाएं। अगर मुझे मौका मिलता है तो मैं मानसिक रूप से तैयार हूं।’’ 

बल्ले से भी कर सकते हैं कमाल

बल्ले से कुछ शानदार पारियां खेलने वाले इस तेज गेंदबाज ने कहा कि वह निचले क्रम की बल्लेबाजी में उपयोगी योगदान देना चाहते है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे में मुश्किल परिस्थितियों में संजू सैमसन के साथ 66 गेंद में 93 रन की साझेदारी कर भारत की मैच में वापसी कराई थी। भारतीय टीम ने 40 ओवर में 250 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 51 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे लेकिन सैमसन (नाबाद 86) और शार्दुल (33) ने शानदार साझेदारी से उम्मीदें जगाईं। टीम को हालांकि 9 रन से हार का सामना करना पड़ा था। 

शार्दुल ने कहा, ‘‘अगर आप अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीमों को देखें तो उनके बल्लेबाजी क्रम में काफी गहराई है। उदाहरण के लिए ऑस्ट्रेलिया के पास पैट कमिंस, मिच स्टार्क आठवें या नौवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हैं। ऐसा ही इंग्लैंड के साथ भी है। मैं काफी समय से अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान दे रहा हूं। जाहिर तौर पर 7वें से 9वें क्रम पर बल्लेबाजी में योगदान देना अच्छा होता है। इससे आपका आत्मविश्वास बढ़ता है।’’

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल