ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत से ठीक पहले संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के बल्लेबाज मोहम्मद जोहेब को अनुशासनात्मक कारणों के चलते टूर्नामेंट से बाहर कर स्वदेश वापस भेज दिया गया है। इस फैसले की जानकारी एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने 9 फरवरी को जारी एक आधिकारिक बयान के जरिए दी। बोर्ड की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि फिलहाल इस फैसले से जुड़ी अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती, लेकिन समय आने पर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। जोहेब की विदाई ऐसे समय पर हुई है जब UAE की टीम मंगलवार को चेन्नई में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलने जा रही है। यह मुकाबला UAE का 2022 के बाद पहला T20 वर्ल्ड कप मैच होगा।
बल्लेबाजी पर बढ़ा दबाव
मोहम्मद जोहेब के बाहर होने से UAE की बल्लेबाजी क्रम पर अतिरिक्त दबाव आ गया है। हाल ही में खेले गए एक वॉर्म-अप मैच में UAE की टीम इटली के खिलाफ सिर्फ 81 रन पर सिमट गई थी। उस मुकाबले में जोहेब ने नंबर 9 पर बल्लेबाजी की थी। वहीं, नेपाल के खिलाफ पिछले अभ्यास मैच में जोहेब ने नंबर 3 पर उतरते हुए 26 गेंदों पर 19 रन बनाए थे। हालांकि अब UAE ने कप्तान मोहम्मद वसीम के साथ पारी की शुरुआत के लिए 21 साल के आर्यांश शर्मा पर भरोसा जताया है और उन्हें ओपनर के तौर पर तय कर दिया गया है।
कप्तान ने टीम पर जताया भरोसा
न्यूजीलैंड के खिलाफ अहम मुकाबले से पहले UAE कप्तान मोहम्मद वसीम ने टीम की तैयारी और आपसी एकजुटता पर भरोसा जताया है। उन्होंने याद दिलाया कि UAE ने साल 2023 में दुबई में खेले गए एक T20 इंटरनेशनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराया था और टीम उसी जीत से आत्मविश्वास ले रही है। वसीम ने कहा कि टीम की रणनीति बहुत साफ और सिंपल है। हमने न्यूजीलैंड को पहले भी हराया है, लेकिन यह अलग मैदान, अलग टूर्नामेंट और अलग परिस्थिति है। वे एक अनुभवी टीम हैं, लेकिन हमने भी खुद को एक चैंपियन टीम की तरह तैयार किया है और अच्छा क्रिकेट खेलने की कोशिश करेंगे।
टीम में भारत-पाकिस्तान का कोई भेद नहीं
टीम में भारतीय और पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ियों की मौजूदगी को लेकर उठने वाले सवालों पर भी वसीम ने साफ शब्दों में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि UAE टीम में किसी तरह का भारत-पाकिस्तान वाला फर्क नहीं है। हम सब UAE के लिए खेलते हैं। हम एक परिवार की तरह रहते हैं, साथ खाते हैं, साथ समय बिताते हैं। ईमानदारी से कहूं तो हमारी टीम में कोई भारतीय या पाकिस्तानी नहीं है, हम सब सिर्फ UAE के खिलाड़ी हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि अनुशासन विवाद और कमजोर हालिया फॉर्म के बावजूद UAE की टीम न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीम के खिलाफ कैसा प्रदर्शन करती है।
यह भी भी पढ़ें
T20 World Cup 2026 Points Table: इंग्लैंड से आगे निकली स्कॉटलैंड की टीम, ये है बाकी टीमों का हाल
T20 World Cup 2025 Schedule: चौथे दिन खेले जाएंगे 3 मुकाबले, पाकिस्तान का होगा बड़ा इम्तिहान